Newshaat_Logo

बिहार में छात्रों का हल्लाबोल: CM हाउस का घेराव करने निकलेंगे अभ्यर्थी, जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग

बिहार में भर्ती परीक्षाओं में धांधली, पेपर लीक, लंबित नियुक्तियों और शिक्षा व्यवस्था में अनियमितताओं के खिलाफ आज छात्र और दरोगा अभ्यर्थी सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। 
 
पुलिस

बिहार में भर्ती परीक्षाओं में धांधली, पेपर लीक, लंबित नियुक्तियों और शिक्षा व्यवस्था में अनियमितताओं के खिलाफ आज छात्र और दरोगा अभ्यर्थी सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। पटना में होने वाले इस विरोध मार्च को लेकर छात्रों ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। अभ्यर्थियों का कहना है कि अब सिर्फ आश्वासन से काम नहीं चलेगा, सरकार को उनके सवालों का ठोस जवाब देना होगा।

दरअसल, बिहार में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र लंबे समय से भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, समय पर परीक्षा और नियुक्तियों की मांग कर रहे हैं। छात्रों का आरोप है कि कभी पेपर लीक, तो कभी परीक्षा में अनियमितता और कभी नियुक्तियों में देरी के कारण उनका भविष्य अधर में लटका हुआ है। कई परीक्षाओं के परिणाम और नियुक्ति प्रक्रिया लंबित रहने से अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

इसी नाराजगी को लेकर आज छात्र और दरोगा अभ्यर्थी एकजुट होकर सरकार के खिलाफ विरोध मार्च निकालेंगे। छात्रों के मुताबिक, यह मार्च पटना के गांधी मैदान स्थित गेट नंबर 10 से शुरू होगा और मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ेगा।

वहीं, प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड में है। छात्रों को मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने से रोकने के लिए जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग की गई है। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांग साफ है। उन्हें अब खोखले वादे नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई चाहिए। भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी पर जवाबदेही तय हो, परीक्षाएं पारदर्शी तरीके से हों और लंबित नियुक्तियों को जल्द पूरा किया जाए।

अब देखना होगा कि छात्रों के इस विरोध प्रदर्शन के बाद सरकार उनकी मांगों पर क्या रुख अपनाती है और अभ्यर्थियों को कब तक राहत मिलती है।