BN कॉलेज में बमबाजी से घायल छात्र सुधीर पांडेय की मौत, चोट लगने के बाद मेदांता में किया गया था एडमिट

बिहार की राजधानी पटना से बड़ी खबर है। पटना स्थित B.N College के छात्र सुधीर की मौत हो गई है। बीएन कॉलेज में भारी बवाल हुआ था। इस दौरान छात्रावास में जमकर बमबाजी की गई थी। इस बमबाजी में सुधीर गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। जानकारी सामने आई थी कि तल्ले की सिलिंग गिरने वजह से सुधीर का सिर खुल गया था। पहले यह जानकारी सामने आई थी कि सुधीर को इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती करवाया गया था। अब यह खबर आ रही है कि सुधीर की मौत हो चुकी है। सुधीर के मामा ने इस बात की पुष्टि की है। बीएन कॉलेज के मृतक छात्र सुधीर के पिता का नाम धर्मेंद्र पाण्डेय है। वो रोहतास जिले के भालुनी के निवासी हैं।
बीएन कॉलेज के अधिकारियों को सुधीर कुमार के निधन की सूचना मिल गई है। इसके बाद कॉलेज को बंद कर दिया गया है। धीरे-धीरे घटना की जानकारी होने के साथ ही कुछ अन्य छात्र मेदांता हॉस्पिटल पहुंच रहे हैं। घटनास्थल पर बीएन कॉलेज के दोनों छात्र प्रतिनिधि पहले से पहुंचे हुए हैं। सुधीर की मौत के बाद उसके परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल है। घटना की सूचना विश्वविद्यालय प्रशासन को हो गई है और विश्वविद्यालय प्रशासन भी जल्द इस घटना पर कुछ आगे का निर्णय लेने पर विचार कर रही है।

पटना विश्वविद्यालय से संबद्ध बी.एन. कॉलेज के परिसर में मंगलवार को दो छात्र गुटों के बीच कहासुनी के बाद देसी बम फेंके गए थे। इस घटना में एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने यह जानकारी दी थी। पुलिस ने बताया था कि घायल छात्र रोहतास जिले का रहने वाला है। पीरबहोर थाना प्रभारी अब्दुल हलीम ने बताया कि घटना दोपहर करीब एक बजे उस समय हुई जब छात्र परीक्षा दे रहे थे।