BSLSA में ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप कार्यक्रम का समापन, मुख्य न्यायाधीश ने छात्रों को वितरित किए प्रमाण-पत्र
Patna: बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (BSLSA), पटना में आयोजित ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप कार्यक्रम का समापन समारोह गुरुवार को संपन्न हुआ. कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पटना उच्च न्यायालय की माननीय मुख्य न्यायाधीश एवं BSLSA की संरक्षिका न्यायमूर्ति मीनाक्षी मदन राय रहीं. इस अवसर पर उन्होंने इंटर्नशिप पूर्ण करने वाले विधि (लॉ) के छात्रों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए.
समारोह में पटना उच्च न्यायालय के माननीय न्यायमूर्ति एवं BSLSA के कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे. BSLSA परिसर में आगमन पर दोनों माननीय न्यायाधीशों को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया.
कार्यक्रम में BSLSA के सदस्य सचिव धर्मेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त सचिव अविनाश कुमार, रजिस्ट्रार आशुतोष रवि, सहायक रजिस्ट्रार सिया श्रुति एवं अनुषा राज सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
अपने संबोधन में माननीय मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मीनाक्षी मदन राय ने समाज के सभी वर्गों तक न्याय एवं निःशुल्क विधिक सहायता पहुँचाने में BSLSA की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया. उन्होंने छात्रों को समाज के हर वर्ग को न्याय दिलाने की शपथ भी दिलाई.
वहीं, माननीय न्यायमूर्ति सुधीर सिंह ने छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य, पेशेवर नैतिकता और विधिक क्षेत्र में करियर निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया.
समारोह के दौरान अतिथियों ने छात्रों को न्याय, ईमानदारी और जनसेवा के मूल्यों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम का समापन इंटर्नशिप प्रमाण-पत्र वितरण एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ.
यह समारोह ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप कार्यक्रम के सफल समापन का प्रतीक रहा और छात्रों के लिए प्रेरणा व मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण अवसर सिद्ध हुआ.







