Newshaat_Logo

बिहार में गर्मी का ‘ट्रेलर’ शुरू: 3 अप्रैल तक धूप का कहर, 5 तारीख से आंधी-बारिश की वापसी के संकेत

 
बिहार में गर्मी का ‘ट्रेलर’ शुरू: 3 अप्रैल तक धूप का कहर, 5 तारीख से आंधी-बारिश की वापसी के संकेत
Bihar Weather Update: बिहार में मौसम ने फिर करवट ले ली है। बीते दिनों आंधी-बारिश के बाद अब गर्मी धीरे-धीरे अपने तेवर दिखाने लगी है। 3 अप्रैल को पूरे राज्य में मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को तेज धूप और बढ़ती तपिश का सामना करना पड़ेगा।

अभी धूप का राज, नहीं मिलेगी राहत

मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल राज्य में बारिश के कोई आसार नहीं हैं। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का असर साफ महसूस होगा, जबकि बादलों की मौजूदगी भी राहत देने में नाकाम दिखेगी।

5 अप्रैल से बदलेगा खेल

हालांकि यह स्थिति ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है। 5 अप्रैल के बाद मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। 6 और 7 अप्रैल को कई जिलों में आंधी, तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है।

तापमान का हाल

पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 30.3 से 37.7 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जिसमें कैमूर सबसे गर्म रहा। वहीं सहरसा और समस्तीपुर में न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा।

आज अधिकतम तापमान 34 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। अगले 3-4 दिनों में पारा 1 से 3 डिग्री तक और चढ़ सकता है।

हवा का भी दिखा असर

राजगीर (नालंदा) में 37 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं, जबकि पूरे राज्य में पछुआ हवा का प्रभाव बना हुआ है।

फिलहाल गर्मी अपना रंग दिखाने लगी है, लेकिन आने वाले दिनों में आंधी-बारिश एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल सकती है।