‘Gen-Z तक पहुंचाएं बिहार के बदलाव की कहानी’, स्वास्थ्य मंत्री निशांत का JDU युवा कार्यकर्ताओं से आह्वान
Bihar news: बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने जनता दल (यूनाइटेड) के युवा कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा और राज्य में हुए विकास कार्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जदयू के युवा कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं और विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि आज की Gen-Z पीढ़ी को यह जानना चाहिए कि वर्ष 2005 से पहले बिहार की स्थिति कैसी थी और उसके बाद राज्य में किस तरह विकास की नई शुरुआत हुई। उनके अनुसार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, रोजगार और कानून-व्यवस्था जैसे क्षेत्रों में पिछले दो दशकों में व्यापक बदलाव देखने को मिले हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने बिना किसी दल का नाम लिए पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2005 से पहले बिहार में विकास की रफ्तार बेहद धीमी थी। उन्होंने दावा किया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई, बुनियादी ढांचे का विस्तार हुआ और विकास को नई दिशा मिली। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में उसी विकास यात्रा को आगे बढ़ाया जा रहा है।
निशांत ने कहा कि अल्पसंख्यक, पिछड़ा और अति पिछड़ा वर्ग समेत समाज के विभिन्न वर्गों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं लागू की गईं, जिससे लोगों को विकास का सीधा लाभ मिला। उनके मुताबिक, पिछले 20 वर्षों में बिहार ने कई क्षेत्रों में नए मानक स्थापित किए हैं।
उन्होंने जदयू के युवा कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर से लेकर प्रखंड स्तर तक संगठन को मजबूत करने और अधिक से अधिक युवाओं को पार्टी से जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क अभियान के जरिए युवाओं को बिहार के विकास की यात्रा और सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराया जाना चाहिए।
स्वास्थ्य मंत्री ने विश्वास जताया कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन और मजबूत होगा तथा विकसित बिहार के लक्ष्य को हासिल करने में नई ऊर्जा मिलेगी।







