शिक्षक अभ्यर्थियों का सब्र टूटा, TRE-4 नोटिफिकेशन को लेकर शिक्षक अभ्यर्थियों का सरकार को अल्टीमेटम..जल्द फैसला नहीं तो सड़कों पर उतरने का ऐलान...
Bihar News: बिहार में शिक्षक बहाली को लेकर एक बार फिर सियासी और सामाजिक हलचल तेज हो गई है। TRE-4 (Teacher Recruitment Examination–4) का नोटिफिकेशन अब तक जारी नहीं होने से नाराज शिक्षक अभ्यर्थियों ने सरकार को साफ अल्टीमेटम दे दिया है। अभ्यर्थियों का कहना है कि यदि जल्द अधिसूचना जारी नहीं की गई, तो वे चरणबद्ध नहीं बल्कि सीधे उग्र आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।
लंबे समय से इंतजार, बढ़ता असंतोष
शिक्षक अभ्यर्थियों का आरोप है कि सरकार बार-बार आश्वासन तो दे रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस पहल नजर नहीं आ रही. TRE-1, TRE-2 और TRE-3 के बाद हजारों उम्मीदवार TRE-4 का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. कई अभ्यर्थी ऐसे हैं जो पिछले कई वर्षों से परीक्षा और बहाली प्रक्रिया के भरोसे तैयारी कर रहे हैं, लेकिन नोटिफिकेशन में देरी से उनका भविष्य अधर में लटक गया है.
राजधानी से जिलों तक प्रदर्शन
नोटिफिकेशन में देरी के खिलाफ राजधानी पटना समेत कई जिलों में शिक्षक अभ्यर्थियों ने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रख रहे हैं, लेकिन सरकार की चुप्पी उन्हें आंदोलन तेज करने पर मजबूर कर रही है अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि जरूरत पड़ी तो वे सड़क जाम, घेराव और बड़े स्तर पर प्रदर्शन करेंगे.
सरकार से स्पष्ट टाइमलाइन की मांग
अभ्यर्थियों की मुख्य मांग है कि सरकार TRE-4 नोटिफिकेशन की एक स्पष्ट तारीख घोषित करे और बहाली प्रक्रिया का पूरा कैलेंडर सार्वजनिक करे. उनका कहना है कि अस्पष्टता और देरी से न केवल मानसिक तनाव बढ़ रहा है, बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी प्रभावित हो रही है.
आंदोलन के लिए सरकार जिम्मेदार
शिक्षक अभ्यर्थियों ने साफ शब्दों में कहा है कि यदि आने वाले दिनों में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो होने वाले किसी भी आंदोलन की जिम्मेदारी पूरी तरह बिहार सरकार की होगी. अभ्यर्थियों का दावा है कि यह सिर्फ नौकरी की मांग नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने से जुड़ा सवाल है.
शिक्षा व्यवस्था पर भी असर
विशेषज्ञों का मानना है कि शिक्षक बहाली में लगातार हो रही देरी का असर स्कूलों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है. कई सरकारी स्कूल पहले से ही शिक्षकों की कमी से जूझ रहे हैं और TRE-4 की बहाली से इस कमी को दूर करने की उम्मीद थी. अब सबकी निगाहें सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं. क्या सरकार जल्द TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी कर अभ्यर्थियों की नाराजगी दूर करेगी, या फिर बिहार एक बड़े शिक्षक आंदोलन की ओर बढ़ेगा. यह आने वाले दिनों में साफ हो जाएगा.







