Newshaat_Logo

टीम इंडिया के तेज गेंदबाज आकाशदीप की शादी की तैयारियां जोरों पर, तिलक समारोह में उमड़ा जनसैलाब

 
टीम इंडिया के तेज गेंदबाज आकाशदीप की शादी की तैयारियां जोरों पर, तिलक समारोह में उमड़ा जनसैलाब

Bihar News: भारतीय टेस्ट क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज और रोहतास के गौरव आकाशदीप अब जीवन की नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। क्रिकेट के मैदान पर अपनी तेज रफ्तार गेंदबाजी से पहचान बनाने वाले आकाशदीप के पैतृक गांव बड्डी में इन दिनों शादी की धूम मची हुई है। रविवार को आयोजित भव्य तिलक समारोह में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

शिवसागर प्रखंड के बड्डी गांव स्थित आकाशदीप के आवास पर डेहरी-ऑन-सोन के मानिकपुर से वधू पक्ष के लोग पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ तिलक लेकर पहुंचे। वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के बीच आकाशदीप का तिलक संपन्न हुआ। इस दौरान पूरा गांव दुल्हन की तरह सजा नजर आया। रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक सजावट और बॉलीवुड थीम पर तैयार किए गए भव्य परिसर ने समारोह को खास बना दिया।

आकाशदीप 24 जून को वाराणसी में अक्षिता राज के साथ विवाह बंधन में बंधेंगे। शादी से पहले 22 जून को मेहंदी और 23 जून को हल्दी की रस्म का आयोजन किया जाएगा। सभी पारंपरिक कार्यक्रम पैतृक गांव में ही आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

तिलक समारोह में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। अनुमान के मुताबिक करीब 20 हजार से अधिक लोगों के इस आयोजन में शामिल होने की संभावना जताई गई थी। आसपास के गांवों और अन्य जिलों से भी लोग अपने पसंदीदा क्रिकेटर की खुशियों में शामिल होने पहुंचे।

समारोह के दौरान मेहमानों के लिए विशेष भोज की व्यवस्था की गई थी। दूल्हा बने आकाशदीप ने उपस्थित लोगों का अभिवादन करते हुए शुभकामनाएं स्वीकार कीं। इस भव्य आयोजन को लेकर चर्चाएं थीं कि कई मंत्री, क्रिकेटर और अन्य चर्चित हस्तियां भी शामिल हो सकती हैं। देर रात तक सासाराम के सांसद मनोज राम प्रमुख अतिथि के रूप में समारोह में पहुंचे।

दिल्ली से बुलाए गए मेकअप आर्टिस्ट और भव्य तैयारियों ने इस समारोह को किसी सेलिब्रिटी वेडिंग से कम नहीं रहने दिया। रोहतास का यह क्रिकेट सितारा अब क्रिकेट के मैदान के साथ-साथ जिंदगी की नई पारी खेलने के लिए भी पूरी तरह तैयार नजर आ रहा है।