चोरी कांड के बीच तेजप्रताप का बड़ा फैसला, मोतीलाल राय को पार्टी से निकाला; राष्ट्रीय और प्रदेश संगठन भी भंग
Patna News: बिहार की राजनीति में इन दिनों सुर्खियों में चल रहे चोरी कांड के बीच जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेजप्रताप यादव ने बड़ा संगठनात्मक फैसला लिया है। तेजप्रताप यादव ने अपने करीबी सहयोगी और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मोतीलाल राय को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित कर दिया है। इसके साथ ही पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश संगठन को भी भंग कर दिया गया है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी जानकारी में तेजप्रताप यादव ने कहा कि मोतीलाल राय को जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय महासचिव पद से तत्काल प्रभाव से हटाया जाता है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश संगठन को भंग किया जा रहा है और जल्द ही नए सिरे से संगठन का गठन किया जाएगा।
तेजप्रताप यादव ने अपने बयान में आरोप लगाया कि मोतीलाल राय ने उनके सरकारी आवास, 42ए हार्डिंग रोड स्थित आवास पर उनके साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्ति को पार्टी में किसी भी पद पर बनाए रखना उचित नहीं है, इसलिए उन्हें सभी जिम्मेदारियों से मुक्त किया जा रहा है।
गौरतलब है कि हाल ही में तेजप्रताप यादव ने अपने सरकारी आवास से लाखों रुपये नकद, जेवरात और कई महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान गायब होने का आरोप लगाते हुए सचिवालय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस मामले में उन्होंने अपने निजी सहायक मोतीलाल राय पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
मोतीलाल राय को पार्टी से बाहर किए जाने और संगठन भंग करने के फैसले को राजनीतिक गलियारों में अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में जनशक्ति जनता दल में बड़े संगठनात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं।







