तेजस्वी यादव का बड़ा बयान- जनता खूंटा ठोक कर भाजपा को बिहार से भगाएगी
Patna: बिहार की राजनीति आज गर्माने वाली है। विपक्षी दलों की ओर से चल रही वोटर अधिकार यात्रा का समापन सोमवार को पटना में पदयात्रा के जरिए होगा। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत इंडिया गठबंधन के कई दिग्गज नेता शक्ति प्रदर्शन करेंगे।
भाजपा पर तेजस्वी का हमला
मार्च से पहले तेजस्वी यादव ने बड़ा बयान देते हुए भाजपा पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा, “चुनाव आयोग की विश्वसनीयता खत्म हो चुकी है। भाजपा का झूठ अब जनता के सामने आ चुका है। इस बार बिहार की जनता खूंटा ठोक कर भाजपा को भगाने का काम करेगी। लोकतंत्र और संविधान को खत्म करने वालों को करारा जवाब मिलेगा।”
तेजस्वी ने आगे कहा कि यात्रा के दौरान जनता का जबरदस्त समर्थन मिला है और बिहार से उठी यह आवाज पूरे देश में जाएगी।
पदयात्रा का रूट और सभा
समापन मार्च गांधी मैदान स्थित गांधी प्रतिमा से शुरू होकर एसपी वर्मा रोड और डाकबंगला चौराहा होते हुए अंबेडकर पार्क तक जाएगा। हालांकि प्रशासन ने यात्रा की अनुमति सिर्फ डाकबंगला चौराहा तक ही दी है।
मार्च की शुरुआत सुबह 10:50 बजे गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने से हो चुकी है। इसके बाद यात्रा आगे बढ़ेगी और अंबेडकर पार्क में दोपहर बाद सभा आयोजित की जाएगी। सभा में गठबंधन के तमाम बड़े नेता जनता को संबोधित करेंगे।
राहुल गांधी भी पहुंचे पटना
राहुल गांधी पटना एयरपोर्ट से सीधे गांधी मैदान रवाना हो गए हैं। तेजस्वी यादव भी राबड़ी आवास से यात्रा में शामिल होने के लिए निकल चुके हैं। दोनों नेता खुले वैन में सवार होकर मार्च का हिस्सा बनेंगे।
विपक्ष के बड़े चेहरे होंगे शामिल
पटना में होने वाले इस मार्च और सभा में विपक्ष के कई दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे। जिनके नाम हैं:
• राहुल गांधी – लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष
• तेजस्वी यादव – बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष
• डी. राजा – भाकपा महासचिव
• एम.ए. बेबी – माकपा महासचिव
• दीपंकर भट्टाचार्य – भाकपा माले महासचिव
• मुकेश सहनी – वीआईपी प्रमुख
• हेमंत सोरेन – झारखंड के मुख्यमंत्री
• अशोक गहलोत – राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री
• दिग्विजय सिंह – मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री
• डिंपल यादव – समाजवादी पार्टी सांसद
• यूसुफ पठान – टीएमसी सांसद
• सुप्रिया सुले – एनसीपी सांसद
• संजय राउत – शिवसेना (उद्धव गुट) नेता
कांग्रेस शासित राज्यों के कई मंत्री भी पटना पहुंचे हैं।







