Newshaat_Logo

तेजस्वी की ‘माई बहिन मान योजना’ का बिगुल बजा, जहानाबाद से रवाना हुआ संदेश रथ

 
तेजस्वी की ‘माई बहिन मान योजना’ का बिगुल बजा, जहानाबाद से रवाना हुआ संदेश रथ

Jahanabad: जहानाबाद से पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की महत्वाकांक्षी ‘माई बहिन मान योजना’ को लेकर रविवार को एक बड़ा राजनीतिक संदेश दिया गया। छात्र राजद की ओर से शुरू किए गए इस संदेश रथ को राजद सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रथ रवाना करते हुए सांसद ने कहा कि तेजस्वी यादव केवल घोषणा करने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि अपने वादों को निभाने का साहस रखते हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार बनने पर हर ‘माई बहिन’ को प्रतिमाह ₹2500 की आर्थिक मदद दी जाएगी। साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार तेजस्वी की योजनाओं की नकल कर रही है, लेकिन जल्द ही तेजस्वी ऐसी योजनाएं सामने लाएंगे जिनकी नकल संभव नहीं होगी।

इस मौके पर मौजूद बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ताओं ने नारेबाज़ी कर कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण बनाया। छात्र राजद जिलाध्यक्ष शैलेश यादव ने बताया कि संदेश रथ विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव जाकर लोगों को माई बहिन मान योजना के बारे में बताएगा और नीतीश सरकार की नाकामियों से भी अवगत कराएगा।

इस मौके पर राजद नेता संजय यादव, धर्मपाल सिंह यादव, प्रवक्ता डॉ. शशि रंजन उर्फ पप्पू यादव, गोपाल पासवान, बैकुंठ यादव, पप्पू खान, सतीश यादव और छोटू विक्की यादव समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।