Newshaat_Logo

तेजस्वी का तीखा सवाल- “जनता तय करे, ओरिजिनल सीएम चाहिए या डुप्लीकेट?”

 
तेजस्वी का तीखा सवाल – “जनता तय करे, ओरिजिनल सीएम चाहिए या डुप्लीकेट?”

Patna: राजधानी पटना में सोमवार को वोटर अधिकार यात्रा के आखिरी दिन महागठबंधन के बड़े नेता एकजुट हुए। राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, हेमंत सोरेन, मुकेश सहनी समेत कई दिग्गज नेताओं ने डाकबंगला चौराहे पर आयोजित सभा को संबोधित किया।

सभा के दौरान विपक्ष ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर तीखे हमले बोले। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की जनता को अब फैसला करना है कि उन्हें ओरिजिनल मुख्यमंत्री चाहिए या डुप्लीकेट मुख्यमंत्री।

“लोकतंत्र बचाना है या लाना है राजतंत्र”

तेजस्वी ने कहा – “यह बिहार की धरती है, जो लोकतंत्र की जननी है। लेकिन बीजेपी इलेक्शन कमीशन के साथ मिलकर लोकतंत्र खत्म करना चाहती है। फैक्ट्री गुजरात में लगाते हैं और विक्ट्री बिहार में चाहते हैं। ऐसे लोगों को बिहार की जनता मुंहतोड़ जवाब देगी।”

उन्होंने आगे कहा कि लालू प्रसाद यादव कभी झुके नहीं और तेजस्वी भी झुकने वाला नहीं है। भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई की चेतावनी देते हुए उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधा और नारा लगाया – “देश का भूत, मोदी का झूठ।”

“मोदी वोट चोरी कर जीतते हैं” – मुकेश सहनी

वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश में लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि – “मोदी जी जनता के वोट से नहीं, बल्कि वोट चोरी कर जीत हासिल करते हैं। अब जरूरत है कि हर बूथ पर जाकर मतदाताओं को जागरूक किया जाए।”

हेमंत सोरेन बोले – “साजिश कर मुझे जेल भेजा गया”

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि केंद्र सरकार ईडी और इनकम टैक्स जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल कर विपक्ष को डराने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि-“मुझे भी साजिश के तहत जेल भेजा गया। अगर ऐसा नहीं होता तो लोकसभा चुनाव में बीजेपी को झारखंड में खाता खोलना भी मुश्किल हो जाता।”

डाकबंगला चौराहे पर उमड़ा जनसैलाब

राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और अन्य नेताओं के साथ भारी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मार्च में शामिल हुए। डाकबंगला चौराहे तक सड़कें खचाखच भरी रहीं। प्रशासन ने भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए।