बिहार में आतंकी अलर्ट: मुजफ्फरपुर में पाकिस्तानी इनामी आतंकी देखे जाने का दावा, पुलिस ने चलाई सर्च ऑपरेशन
Mujaffarpur: बिहार इन दिनों आतंकी खतरे को लेकर अलर्ट मोड पर है। खुफिया एजेंसियों को इनपुट मिला है कि नेपाल बॉर्डर से तीन पाकिस्तानी आतंकी राज्य में घुसे हैं। इसी बीच मुजफ्फरपुर जिले से एक बड़ा अपडेट सामने आया है। यहां एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दिखाई देने वाले शख्स को पाकिस्तानी इनामी आतंकी मो. उस्मान बताया जा रहा है।
संदिग्ध का वीडियो वायरल
वायरल फुटेज कथित तौर पर सकरा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव का है। इसमें एक अजनबी व्यक्ति ग्रामीणों से बातचीत करता और खाने की मांग करता नजर आ रहा है। लोगों का कहना है कि उसकी बोली पाकिस्तानी लहजे जैसी थी। बातचीत के बाद वह पैदल ही पिलखी पुल चौक की ओर निकल गया और फिर गायब हो गया।
पुलिस ने बढ़ाई चौकसी
वीडियो सामने आने के बाद एसएसपी सुशील कुमार ने जिले के सभी थानों को अलर्ट कर दिया है। पुलिस और एसएसबी की टीमें इलाके में तलाशी अभियान चला रही हैं। सकरा थानाध्यक्ष राजू कुमार पाल ने भी पुष्टि की है कि सूचना मिलने पर जांच शुरू कर दी गई है।
नेपाल बॉर्डर से एंट्री का शक
सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में खुफिया एजेंसियों ने अलर्ट जारी किया था कि तीन पाकिस्तानी आतंकी नेपाल मार्ग से बिहार में दाखिल हुए हैं। इन्हीं में से एक को लेकर आशंका जताई जा रही है कि वह मुजफ्फरपुर में देखा गया है। बताया जा रहा है कि इन आतंकियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी कोई संदिग्ध दिखाई दे तो तुरंत सूचना दें। वहीं, वायरल वीडियो की प्रामाणिकता को लेकर जांच जारी है। हालंकि इसकी वीडियो की पुष्टि न्यूज़ हाट नहीं करता है।







