बिहार विधानसभा का बजट सत्र 2 फरवरी से, 27 फरवरी तक चलेगी सदन की कार्यवाही
सत्र के कार्यक्रम के अनुसार, 5 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण पर सरकार की ओर से जवाब दिया जाएगा। 6 से 20 फरवरी तक बजट पर सामान्य चर्चा और मतदान होगा। 14 से 26 फरवरी के बीच राजकीय विधेयक सदन में पेश किए जाएंगे। वहीं, 25 से 27 फरवरी तक गैर-सरकारी संकल्पों पर चर्चा का कार्यक्रम तय किया गया है।
महिला रोजगार योजना पर रहेगी नजर
इस बजट सत्र का सबसे बड़ा आकर्षण ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ मानी जा रही है। इस योजना के तहत महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने के लिए 2-2 लाख रुपये देने का प्रावधान किया जा सकता है। ऐसे में सरकार के सामने इस योजना के लिए बजट में पर्याप्त राशि का इंतजाम करना बड़ी चुनौती होगा।
विपक्ष की रणनीति बदली
बजट सत्र से ठीक 48 घंटे पहले नीट छात्रा मामले की सीबीआई जांच की घोषणा कर सरकार ने विपक्ष के एक बड़े मुद्दे की धार कमजोर कर दी है। इसके बाद मुख्य विपक्षी दल राजद अब सदन में सरकार को घेरने के लिए नए मुद्दों की तलाश में जुट गया है।
‘सात निश्चय-3’ पर रहेगा फोकस
बिहार बजट 2026 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ‘सात निश्चय-3’ कार्यक्रम को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके तहत अगले पांच वर्षों में राज्य की प्रति व्यक्ति आय दोगुनी करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए हर साल करीब 16 प्रतिशत की वृद्धि जरूरी मानी जा रही है। बजट में राजस्व बढ़ाने और नए संसाधन जुटाने से जुड़े सुझाव भी शामिल किए जा सकते हैं।
नियुक्तियों के लिए भी होगा प्रावधान
पिछले बजट के बाद राज्य में एक लाख से अधिक नई नियुक्तियां हो चुकी हैं। अब 2026-27 के बजट में इनके वेतन के लिए भी राशि का प्रावधान किया जाएगा। साथ ही सहकारिता क्षेत्र में प्रस्तावित नई भर्तियों का असर भी बजट पर पड़ेगा।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
बजट सत्र के दौरान विधानसभा परिसर की सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किए गए हैं। परिसर में 40 मजिस्ट्रेट, 50 पुलिस अधिकारी और करीब 1000 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। त्रि-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है और पूरे परिसर पर सीसीटीवी से नजर रखी जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आठ क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) भी सक्रिय रहेंगी।
प्रशासन ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे सत्र के दौरान तय समय पर अपनी-अपनी ड्यूटी पर मौजूद रहें, ताकि सदन की कार्यवाही शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हो सके।







