नहीं थम रहा ओवरस्पीडिंग का मामला, सड़क पर रफ्तार का आतंक बना जानलेवा..दो मासूम युवतियों की दर्दनाक मौत
Muzaffarpur: शहर में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने एक स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी सवार दो युवतियों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक दोनों युवतियां बैंक में कार्यरत बताई जा रही हैं. हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और आसपास मौजूद लोग सहम गए.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फॉर्च्यूनर तेज गति में थी और चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया. टक्कर के बाद कार कुछ दूरी पर जाकर रुकी. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन तब तक दोनों युवतियों की जान जा चुकी थी.
तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने स्कूटी को पीछे से ऐसी जोरदार टक्कर मारी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़गए. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़दिया.मृतकाओं की पहचान बोचहां के शर्फुद्दीनपुर (गोपालपुर) निवासी नेहा कुमारी (20 वर्ष) और निशु कुमारी (22 वर्ष) के रूप में हुई है. इस घटना के बाद शर्फुद्दीनपुर गांव में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
फाइनेंस कंपनी में काम करती थीं दोनों युवतियां
जानकारी के अनुसार, नेहा और निशु दोनों सहेलियां थीं और एक निजी बैंक के महिला समूह में फाइनेंस कर्मी के रूप में काम करती थीं. शनिवार को दोनों अपनी स्कूटी (संख्या- BR06DQ8161) पर सवार होकर शर्फुद्दीनपुर से मुजफ्फरपुर शहर की ओर जा रही थीं. इसी दौरान आदिगोपालपुर पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार (वीआईपी नंबर- BR01BB0001) ने उन्हें रौंद दिया.फॉर्च्यूनर पूर्णिया की तरफ से आ रही थी.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि फॉर्च्यूनर की रफ्तार इतनी अधिक थी कि स्कूटी को टक्कर मारने के बाद वह भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मचगई. स्थानीय लोगों की भारी भीड़ तुरंत घटना स्थल पर जमा हो गई. ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए गाड़ियों में फंसे लोगों को बाहर निकाला. हादसे में नेहा कुमारी की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई थी, जबकि निशु कुमारी गंभीर रूप से जख्मी थी. उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके और इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई.

हादसे के बाद फॉर्च्यूनर का ड्राइवर भी गंभीर रूप से घायल हो गया था, उसका सिर फट गया था. इसके बावजूद वह और गाड़ी में सवार अन्य सभी लोग पुलिस के पहुंचने से पहले ही मौके से फरार होने में कामयाब रहे. सूचना मिलते ही बोचहां थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. थाना प्रभारी ने बताया कि वीआईपी नंबर वाली फॉर्च्यूनर के मालिक का पता लगाया जा रहा है और फरार चालक व सवारों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. मामले की गहन जांच जारी है.







