लद्दाख यात्रा का सपना होगा साकार! बिहार सरकार देगी आर्थिक मदद, सिंधु दर्शन योजना को मिली मंजूरी
Bihar News: बिहार सरकार ने राज्य के लोगों को देश की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में राज्य सरकार ने "सिंधु दर्शन तीर्थयात्रा वित्तीय सहायता योजना-2026" को मंजूरी दे दी है। इस योजना के तहत बिहार के मूल निवासी अब लद्दाख स्थित पवित्र सिंधु नदी के दर्शन के लिए आर्थिक सहायता प्राप्त कर सकेंगे। सरकार की ओर से प्रत्येक पात्र यात्री को यात्रा व्यय का 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम 20 हजार रुपये तक की सहायता राशि दी जाएगी। यह राशि यात्रा पूरी होने के बाद सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी।
पर्यटन विभाग के अनुसार, इस योजना के लिए प्रतिवर्ष अधिकतम 20 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। योजना का लाभ हर वित्तीय वर्ष में केवल 100 यात्रियों को ही मिलेगा। लाभार्थियों का चयन "पहले आओ, पहले पाओ" के आधार पर किया जाएगा।
योजना का लाभ लेने के इच्छुक लोगों को पर्यटन विभाग के निदेशक के समक्ष आवेदन करना होगा। आवेदन के साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड, बिहार का स्थायी निवास प्रमाण पत्र तथा यात्रा खर्च से संबंधित शपथ पत्र जमा करना अनिवार्य होगा। चयनित यात्रियों को यात्रा पूरी होने के बाद संबंधित प्रमाण पत्र और खर्च से जुड़े दस्तावेज विभाग को उपलब्ध कराने होंगे। सत्यापन के बाद निर्धारित सहायता राशि सीधे बैंक खाते में भेजी जाएगी।
सरकार का मानना है कि सिंधु नदी भारतीय सभ्यता और संस्कृति का महत्वपूर्ण प्रतीक है। गंगा की धरती बिहार और सिंधु की धारा को जोड़ने वाली यह पहल देश की सांस्कृतिक एकता को मजबूत करेगी। साथ ही, आर्थिक कारणों से लद्दाख की यात्रा नहीं कर पाने वाले श्रद्धालुओं को भी इसका लाभ मिलेगा। पर्यटन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह योजना धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व के साथ-साथ राष्ट्रीय सांस्कृतिक विरासत के प्रति लोगों की भागीदारी बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाएगी।







