Newshaat_Logo

पटना-डोभी बाईपास पर ‘सरस्वती बसंत पटेल अतिथिशाला’ का शिलान्यास, सीएम नीतीश बोले- समाज के लिए बनेगा आधुनिक केंद्र

 
पटना-डोभी बाईपास पर ‘सरस्वती बसंत पटेल अतिथिशाला’ का शिलान्यास, सीएम नीतीश बोले- समाज के लिए बनेगा आधुनिक केंद्र
Bihar news: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को पटना-डोभी बाईपास के समीप सिमरा निसरपुरा में आयोजित भव्य समारोह में ‘सरस्वती बसंत पटेल अतिथिशाला’ का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम का आयोजन पटेल नवजागरण न्यास की ओर से किया गया था। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और रिमोट के जरिए शिलापट्ट का अनावरण कर परियोजना का औपचारिक शुभारंभ किया।

इस अवसर पर न्यास से जुड़े सदस्यों ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत करते हुए फूलों की माला पहनाई। कार्यक्रम में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, सांसद कौशलेन्द्र कुमार, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी सहित कई विधायक, प्रशासनिक अधिकारी और जदयू पदाधिकारी मौजूद रहे।

अतिथिशाला के साथ बनेगा आधुनिक क्लब

न्यास की ओर से बताया गया कि यह परिसर केवल एक अतिथिशाला तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे क्लब के रूप में भी विकसित किया जाएगा। यहां समाज के लोगों के ठहरने के साथ-साथ सामुदायिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

इस पहल का उद्देश्य समाज के लिए एक बहुउद्देश्यीय और आधुनिक केंद्र तैयार करना है, जो सामाजिक समरसता और सामुदायिक संवाद का नया मंच बने। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे और परियोजना को लेकर उत्साह देखने को मिला।