Newshaat_Logo

भोजपुर-बक्सर MLC उपचुनाव में पलटा खेल, महागठबंधन के सोनू राय ने NDA को दी मात

 
भोजपुर-बक्सर MLC उपचुनाव में पलटा खेल, महागठबंधन के सोनू राय ने NDA को दी मात
Bihar news: बिहार की राजनीति में भोजपुर-बक्सर विधान परिषद उपचुनाव ने बड़ा सियासी संदेश दे दिया है। आरा में हुए इस हाईप्रोफाइल मुकाबले में महागठबंधन समर्थित उम्मीदवार सोनू कुमार राय ने एनडीए प्रत्याशी कन्हैया प्रसाद को कड़े मुकाबले में हराकर जीत दर्ज की।

मतगणना के शुरुआती दौर से ही दोनों उम्मीदवारों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, लेकिन अंतिम राउंड में सोनू कुमार राय ने बढ़त बनाते हुए सीट अपने नाम कर ली। जीत की घोषणा होते ही समर्थकों और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। जगह-जगह मिठाइयां बांटी गईं और जमकर जश्न मनाया गया।

यह सीट पहले जनता दल (यूनाइटेड ) के कब्जे में थी। एमएलसी राधाचरण साह के विधायक बनने के बाद यह सीट खाली हुई थी। इस बार जेडीयू ने राधाचरण साह के बेटे कन्हैया प्रसाद को मैदान में उतारा था, लेकिन महागठबंधन ने चुनावी बाजी पलट दी।

राजनीतिक जानकार इस जीत को नई सरकार बनने के बाद महागठबंधन की बड़ी सफलता मान रहे हैं। खास बात यह रही कि चुनाव में रिकॉर्ड मतदान देखने को मिला। भोजपुर-सह-बक्सर स्थानीय प्राधिकार निर्वाचन क्षेत्र में करीब 97.96 प्रतिशत वोटिंग हुई थी, जिसने मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया।

इस चुनाव में कुल 6,086 मतदाता थे, जिनमें पुरुष और महिला जनप्रतिनिधियों की संख्या अच्छी-खासी रही। जीत के बाद सोनू कुमार राय ने मतदाताओं, समर्थकों और जनप्रतिनिधियों का आभार जताते हुए कहा कि वे क्षेत्र के विकास और लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

इस परिणाम के बाद बिहार की सियासत में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों में इसे आगामी चुनावों से पहले महागठबंधन के लिए बड़ा मनोबल बढ़ाने वाला नतीजा माना जा रहा है।