‘जनता का हक पहुंचा रही सरकार’- सहयोग शिविर से लौटे विजय चौधरी का बड़ा बयान, बोले- नीतीश मॉडल पर आगे बढ़ रही सरकार
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जिस सोच और दिशा के साथ इस तरह के कार्यक्रमों की शुरुआत की है, उसका सीधा फायदा आम जनता को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
विजय चौधरी ने स्पष्ट कहा कि वर्तमान सरकार पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा तैयार किए गए विकास मॉडल और प्रशासनिक फॉर्मेट पर ही आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने अपने कार्यकाल में जनसंवाद और जनसेवा की जो परंपरा शुरू की थी, उसी को अब और मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि ‘लोक सेवा अधिकार कानून’ (RTPS) के तहत प्रखंड और अंचल स्तर पर आने वाले ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदनों का तय समय-सीमा में निष्पादन अनिवार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार कोई एहसान नहीं कर रही, बल्कि जनता का अधिकार उन्हें उपलब्ध कराया जा रहा है।
सहयोग शिविर की व्यवस्था पर जानकारी देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे, जहां लोग अनुशासित तरीके से अपनी समस्याएं दर्ज करा रहे थे। उन्होंने दावा किया कि शिविर में मिली कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जो इस पहल की सबसे बड़ी सफलता है।
संस्कृत और मदरसा संस्थानों की जांच के मुद्दे पर विजय चौधरी ने कहा कि जांच कराना कभी गलत नहीं होता। उन्होंने कहा कि सरकार जिन सूचनाओं की मांग कर रही है, उन्हें संबंधित संस्थाओं को उपलब्ध कराना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अगर समाज में कोई फर्जी या गलत संस्थाएं चल रही हैं तो उन पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
आगामी मानसून और बाढ़ की स्थिति को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह तैयार है। फ्लड फाइटिंग के लिए जरूरी सामग्रियों का पर्याप्त भंडारण कर लिया गया है। हालांकि उन्होंने कहा कि नेपाल और झारखंड में अधिक बारिश होने पर बिहार के कई हिस्सों में बाढ़ की स्थिति बन सकती है।
वहीं पेपर लीक मामले पर विपक्ष के आरोपों को लेकर विजय चौधरी ने तंज कसते हुए कहा कि लोग क्या बोलते हैं, सरकार सब सुनती है, लेकिन उन बयानों का असली मतलब मीडिया वाले ज्यादा बेहतर समझते हैं।







