Newshaat_Logo

बिहार के छात्रों की हर शिकायत पर सरकार की नजर! CM सम्राट चौधरी ने लॉन्च किया ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’, 30 दिन में समाधान का दावा

 
बिहार के छात्रों की हर शिकायत पर सरकार की नजर! CM सम्राट चौधरी ने लॉन्च किया ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’, 30 दिन में समाधान का दावा

 

Bihar news: बिहार के छात्र-छात्राओं से जुड़ी शैक्षणिक समस्याओं के त्वरित समाधान और शिकायत निवारण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने 17 अगस्त 2026 को पटना के जेडी वीमेंस कॉलेज में ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ की शुरुआत की। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए विद्यार्थी अपनी शिक्षा से जुड़ी शिकायतें और सुझाव सीधे प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं को केवल सुनना ही नहीं, बल्कि उनका तय समयसीमा के भीतर समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में छात्रों का भरोसा बनाए रखना बेहद जरूरी है। इसी दिशा में बिहार में परीक्षाओं को अधिक निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए हाईकोर्ट के न्यायाधीश की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय परीक्षा सुधार समिति गठित करने की घोषणा भी की गई।

शिकायत पर 10 दिन में कार्रवाई, 30 दिन में समाधान

‘सहयोग पोर्टल’ की सबसे अहम बात इसकी समयबद्ध शिकायत निवारण व्यवस्था है। सरकार के अनुसार, यदि किसी छात्र की शिकायत पर 10 दिनों के भीतर कार्रवाई शुरू नहीं होती है, तो 11वें दिन मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से स्वतः नोटिस जारी किया जाएगा।

वहीं शिकायत दर्ज होने की तारीख से अधिकतम 30 दिनों के भीतर उसके निपटारे का लक्ष्य रखा गया है। शिकायत के समाधान के बाद संबंधित विद्यार्थी को इसकी लिखित सूचना भी दी जाएगी।

अब 24 घंटे ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे शिकायत

विद्यार्थियों को अपनी समस्या रखने के लिए किसी कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। पोर्टल के जरिए छात्र कभी भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए ‘New Complaint’ विकल्प पर जाकर व्यक्तिगत जानकारी और समस्या से जुड़ा विवरण भरना होगा।

यदि शिकायत से संबंधित कोई दस्तावेज या प्रमाण है तो उसे भी ऑनलाइन अपलोड किया जा सकेगा। शिकायत दर्ज होने के बाद विद्यार्थी ‘Complaint Status’ के जरिए उसकी प्रगति देख सकेंगे। पोर्टल पर ‘User Login’, ‘Send Reminder’ और ‘Feedback’ जैसे विकल्प भी उपलब्ध कराए गए हैं।

शिकायत के साथ सुझाव भी दे सकेंगे विद्यार्थी

सरकार की यह व्यवस्था सिर्फ शिकायतों तक सीमित नहीं रहेगी। विद्यार्थी शिक्षा व्यवस्था में सुधार से जुड़े अपने सकारात्मक और रचनात्मक सुझाव भी पोर्टल के माध्यम से प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे।

सरकार की ओर से यह भी कहा गया है कि शिकायत दर्ज कराने वाले विद्यार्थियों की पहचान गोपनीय रखने का प्रयास किया जाएगा। इससे छात्र बिना किसी डर या संकोच के अपनी समस्याएं सामने रख सकेंगे।

हर महीने लगेगा ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’

सात निश्चय-3 के तहत ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए 25 अगस्त से हर महीने के चौथे मंगलवार को ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ आयोजित किया जाएगा। यदि उस दिन सरकारी अवकाश होगा, तो शिविर अगले कार्य दिवस पर आयोजित किया जाएगा।

ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने में परेशानी होने पर विद्यार्थी 1100 हेल्पलाइन के जरिए भी अपनी समस्या दर्ज करा सकेंगे। इससे डिजिटल प्रक्रिया से अनजान या तकनीकी परेशानी का सामना कर रहे छात्रों को भी शिकायत दर्ज कराने का विकल्प मिलेगा।

छात्राओं ने पहल को बताया अहम कदम

जेडी वीमेंस कॉलेज की पांचवें सेमेस्टर की छात्रा पिंकी कुमारी ने मुख्यमंत्री के कॉलेज पहुंचने और पोर्टल शुरू किए जाने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं को सीधे प्रशासन तक पहुंचाने के लिए यह पहल काफी उपयोगी साबित हो सकती है।

वहीं कॉलेज की छात्रा डॉली कुमारी ने भी ‘सहयोग पोर्टल’ को विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। उनका कहना था कि इससे छात्रों को अपनी समस्याओं और सुझावों को प्रशासन तक पहुंचाने का सीधा माध्यम मिलेगा।