भागलपुर में सड़क-पुल परियोजनाओं की रफ्तार पर सरकार की नजर, मंत्री ने अधिकारियों को दिया समय पर काम पूरा करने का निर्देश
Bihar News: भागलपुर प्रमंडल में चल रही सड़क, पुल और रेलवे ओवरब्रिज (ROB) परियोजनाओं को लेकर पथ निर्माण विभाग ने समीक्षा की। विश्वेश्वरैया भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता पथ निर्माण विभाग के मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र ने की। बैठक में अलग-अलग परियोजनाओं की प्रगति, निर्माण में आ रही बाधाओं और लंबित प्रक्रियाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।
मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए और सभी परियोजनाओं को तय समय-सीमा के भीतर पूरा करने की दिशा में तेजी से काम किया जाए।
SH-25 और SH-22 समेत कई सड़कों की हुई समीक्षा
बैठक में भागलपुर-अमरपुर-बांका SH-25 के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य की स्थिति देखी गई। इसके अलावा सुल्तानगंज-तारापुर-बेलहर-कटोरिया-दर्दमारा SH-22 के 4-लेन कार्य की भी समीक्षा हुई।
भागलपुर-कहलगांव-मिर्जाचौकी NH-80 और NH-333A के तहत कटोरिया, लखपुरा, बांका और पंजवारा बाइपास समेत विभिन्न सड़क परियोजनाओं की प्रगति भी बैठक के एजेंडे में रही।
कई ROB और पुल परियोजनाओं पर भी हुई चर्चा
सड़क परियोजनाओं के साथ-साथ पुल और आरओबी के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। इनमें भागलपुर-बौंसी रेलवे लाइन पर आरओबी, एसएम कॉलेज-मिर्जानहाट मार्ग पर आरओबी, ऑरहनी नदी पर एचएल आरसीसी ब्रिज और सुखानिया नदी पर 4-लेन एचएल आरसीसी मेजर ब्रिज शामिल हैं।
इसके अलावा सुल्तानगंज-अगुवानी घाट गंगा पुल से जुड़े कार्यों की स्थिति पर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई।
भू-अर्जन और पर्यावरण मंजूरी में तेजी के निर्देश
बैठक में मुंगेर (सफीयाबाद)-बरियारपुर-घोरघट-सुल्तानगंज गंगा पथ और सुल्तानगंज-भागलपुर-सबौर गंगा पथ की वर्तमान स्थिति पर भी चर्चा हुई।
मंत्री ने भू-अर्जन, फॉरेस्ट और पर्यावरण क्लीयरेंस समेत जरूरी तकनीकी प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इन प्रक्रियाओं में अनावश्यक देरी से परियोजनाओं की रफ्तार प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
NH-80 का 95 फीसदी से ज्यादा काम पूरा
अधिकारियों ने बैठक में बताया कि NH-80 के भागलपुर-कहलगांव-मिर्जाचौकी खंड में करीब 47.815 किलोमीटर सड़क के पुनर्वास और 2-लेन विद पेव्ड शोल्डर चौड़ीकरण का 95 फीसदी से अधिक काम पूरा हो चुका है।
वहीं, 7.052 किलोमीटर लंबे अमरपुर बाइपास के लिए भू-अर्जन की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने और इसके बाद बचे निर्माण कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए गए।
लंबित कामों और बाधाओं का जल्द समाधान करने को कहा
मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र ने अधिकारियों से कहा कि सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता के साथ काम की गति भी बनाए रखी जाए। उन्होंने लंबित कार्यों और निर्माण में आ रही बाधाओं की पहचान कर उनका जल्द समाधान करने पर जोर दिया।
बैठक में बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, अभियंता प्रमुख, बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के मुख्य महाप्रबंधक, बीआरपीएनएनएल के प्रबंध निदेशक समेत संबंधित अधीक्षण अभियंता और कार्यपालक अभियंता मौजूद रहे।







