Newshaat_Logo

बिहार विधानसभा के मानसून सत्र का आखिरी दिन भी हंगामेदार, विपक्ष का प्रदर्शन; NEET और छात्र आंदोलन पर सरकार को घेरने की तैयारी

 
बिहार विधानसभा के मानसून सत्र का आखिरी दिन भी हंगामेदार, विपक्ष का प्रदर्शन; NEET और छात्र आंदोलन पर सरकार को घेरने की तैयारी

Patna News: बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र का शुक्रवार को पांचवां और अंतिम दिन है। छात्र आंदोलन और प्रदर्शन के ऐलान के बीच विधानसभा परिसर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था के बीच सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई विधायक अपनी गाड़ियों से पार्टी के झंडे हटाकर सदन पहुंचे। वहीं, विपक्षी विधायकों ने विधानसभा पोर्टिको में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।

मानसून सत्र के अंतिम दिन विधानसभा अध्यक्ष ने प्रश्नकाल स्थगित कर दिया। सदन के अंदर कार्यवाही शुरू होने से पहले ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। विपक्ष जहां छात्रों के मुद्दे और जनहित से जुड़े सवालों को लेकर सरकार पर हमलावर है, वहीं सत्ता पक्ष ने पटना में हुए प्रदर्शन के दौरान कथित हिंसा और कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाया।

श्रवण कुमार ने तेजस्वी यादव पर साधा निशाना

ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की सदन में अनुपस्थिति को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता सदन में रहें या नहीं, इससे सरकार के कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ता, लेकिन इसका फैसला जनता करेगी कि ऐसे नेताओं को आगे विपक्ष का नेतृत्व करने का अवसर मिलना चाहिए या नहीं।

मंत्री ने पटना में हुए छात्र प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि आंदोलन के दौरान विधायकों और पत्रकारों पर हमला किया गया तथा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे काम करने वाले लोगों को छात्र नहीं कहा जा सकता। श्रवण कुमार ने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल छात्रों के आंदोलन की आड़ में अपनी राजनीति चमकाने की कोशिश कर रहे हैं।

वहीं, राजद विधायक अनीता देवी ने तेजस्वी यादव की गैरमौजूदगी को लेकर उठ रहे सवालों को बेवजह का मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता मजबूत हैं और विपक्ष जनता से जुड़े मुद्दों को पूरी मजबूती के साथ सदन में उठाता रहेगा।

CPI(M) विधायक ने पोस्टर के जरिए उठाईं तीन मांगें

विधानसभा परिसर में CPI(M) विधायक अजय कुमार भी पोस्टर लेकर पहुंचे। उनके पोस्टर पर भूमिहीनों को 5 डिसमिल जमीन देने, जरूरतमंदों को पक्का मकान उपलब्ध कराने और स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश के अनुसार फसलों का डेढ़ गुना दाम देने की मांग लिखी थी।

अजय कुमार ने छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को गलत बताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रखने वाले छात्रों पर बल प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए।

NEET पेपर लीक से CAG रिपोर्ट तक, विपक्ष के निशाने पर सरकार

विधानसभा के अंतिम दिन विपक्ष ने NEET पेपर लीक, छात्र आंदोलन, पुलिस कार्रवाई और CAG रिपोर्ट समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी की है। दूसरी ओर, सत्ता पक्ष कानून-व्यवस्था और राज्य में चल रहे विकास कार्यों को लेकर अपना पक्ष रख सकता है।

सत्र के आखिरी दिन विधानसभा के बाहर प्रदर्शन और अंदर राजनीतिक टकराव के बीच बिहार की सियासत एक बार फिर गरमाती नजर आ रही है। अब देखना होगा कि सदन की कार्यवाही के दौरान किन मुद्दों पर सबसे ज्यादा बहस और हंगामा देखने को मिलता है।