Movie prime

सीएम नीतीश कुमार की सास विद्यावती देवी का अंतिम संस्कार, बांस घाट पर दी गई अंतिम विदाई

 
सीएम नीतीश कुमार की सास विद्यावती देवी का अंतिम संस्कार, बांस घाट पर दी गई अंतिम विदाई

Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सास एवं निशांत कुमार की नानी, विद्यावती देवी का शनिवार को पटना के बांस घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। इसके बाद जनार्दन घाट पर गंगा नदी में अस्थि विसर्जन की विधि संपन्न हुई। कर्मकांड की सभी धार्मिक विधियां विद्यावती देवी के छोटे पुत्र और मुख्यमंत्री के साले छोटू कुमार ने निभाईं।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, विद्यावती देवी का इलाज पटना के आईजीआईएमएस में चल रहा था। शुक्रवार की शाम करीब 6:40 बजे उन्होंने 90 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

अंतिम संस्कार के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वयं बांस घाट पहुंचे। इस दौरान उनके साथ पुत्र निशांत कुमार, बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी, बिहार राज्य नागरिक परिषद के महासचिव छोटू सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

नानी के निधन से भावुक हुए निशांत कुमार

नानी के निधन से आहत निशांत कुमार ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि उनकी नानी केवल एक रिश्ते तक सीमित नहीं थीं, बल्कि स्नेह और संस्कारों की जीवंत मिसाल थीं। निशांत ने लिखा कि नानी का दुलार, उनकी कहानियां और मुस्कान हमेशा उनकी स्मृतियों में जीवित रहेंगी। उन्होंने ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना भी की।

जनार्दन घाट पर हुआ अस्थि विसर्जन

शनिवार को जनार्दन घाट पर गंगा नदी में अस्थि विसर्जन किया गया। इस दौरान निशांत कुमार भी मौजूद रहे और नानी की स्मृतियों को याद करते हुए भावुक नजर आए। अस्थि विसर्जन में बिहार राज्य नागरिक परिषद के महासचिव छोटू सिंह, धार्मिक न्यास परिषद के सदस्य सायन कुणाल, अभिनेता अक्षरा सिंह के पिता बिपिन सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

परिवार की पृष्ठभूमि

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ससुर कृष्णनंदन सिन्हा का निधन करीब सात वर्ष पहले हो चुका है। कृष्णनंदन सिन्हा और विद्यावती देवी की पुत्री मंजू सिन्हा से नीतीश कुमार का विवाह वर्ष 1973 में हुआ था। मंजू सिन्हा पेशे से शिक्षिका थीं और उनका निधन मई 2007 में 53 वर्ष की आयु में हुआ था। नीतीश और मंजू की एकमात्र संतान निशांत कुमार हैं।

विद्यावती देवी के निधन से न सिर्फ परिवार बल्कि उनसे जुड़े लोगों में भी गहरा शोक व्याप्त है।