Newshaat_Logo

जिला पदाधिकारी के प्रयास से अनुकंपा नियुक्ति से संबंधित लंबे समय से लंबित मामले का हुआ समाधान

 
जिला पदाधिकारी के प्रयास से अनुकंपा नियुक्ति से संबंधित लंबे समय से लंबित मामले का हुआ समाधान

 

Bihar News:  जिला पदाधिकारी गया जी शशांक शुभंकर ने अनुकंपा नियुक्ति से जुड़े एक लंबे समय से लंबित मामले का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया है। इस पहल से संबंधित कर्मी की नियमित सेवा का समायोजन सुनिश्चित होने के साथ-साथ उनके वेतन भुगतान का मार्ग भी प्रशस्त हो गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2002 में ग्रामीण विकास मंत्रालय, नई दिल्ली के निर्णय के आलोक में 01 अप्रैल 1999 के बाद सीधी अथवा अन्य माध्यमों से की गई नियुक्तियों को मान्यता नहीं दी गई थी। इसी क्रम में इन्दु यादव को जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए), गया द्वारा वेतनादि का भुगतान नहीं किया जा रहा था, जिससे उन्हें लंबे समय से गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। यह मामला जिला पदाधिकारी के जनता दरबार में प्राप्त होने के उपरांत जिला पदाधिकारी द्वारा गंभीरता से लिया गया। 

उक्त मामले के समाधान के लिए सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार, पटना तथा ग्रामीण विकास विभाग, बिहार, पटना द्वारा पूर्व में अनुकंपा नियुक्ति, त्रुटि निराकरण एवं समाहरणालय में समायोजन के संबंध में जारी दिशा-निर्देशों का विस्तृत अध्ययन किया गया। इन्हीं दिशा-निर्देशों के आलोक में 22 जुलाई 2025 को अनुकंपा समिति की बैठक आयोजित की गई। समिति के निर्णय के अनुसार श्री इन्दु यादव का वर्ग-4 के पद पर समाहरणालय, गया में समायोजन करते हुए नियुक्ति पत्र निर्गत कर दिया गया।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस निर्णय से संबंधित कर्मी की नियमित सेवा सुनिश्चित होगी तथा वेतन एवं अन्य देय भुगतान की प्रक्रिया निर्बाध रूप से संचालित की जा सकेगी। इससे उन्हें भविष्य में आर्थिक कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा। जिला पदाधिकारी गया ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं न्यायोचित समाधान के लिए प्रशासन निरंतर संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध है। जनता दरबार के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन कर पात्र व्यक्तियों को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराई जा रही है।