Newshaat_Logo

सम्राट सरकार का अगला बड़ा कदम: 29 अप्रैल को दूसरी कैबिनेट बैठक, निवेश-रोजगार पर बड़े फैसलों के संकेत

 
सम्राट सरकार का अगला बड़ा कदम: 29 अप्रैल को दूसरी कैबिनेट बैठक, निवेश-रोजगार पर बड़े फैसलों के संकेत
Bihar news: बिहार में नई सरकार बनने के बाद सम्राट चौधरी एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। लगातार समीक्षा बैठकों और ताबड़तोड़ फैसलों के बीच अब 29 अप्रैल को कैबिनेट की दूसरी अहम बैठक होने जा रही है, जिस पर पूरे राज्य की नजरें टिकी हैं।

सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक के बाद शाम 5 बजे प्रेस ब्रीफिंग भी की जाएगी। इससे पहले 22 अप्रैल को हुई पहली कैबिनेट बैठक में करीब 1 घंटे में 22 एजेंडों पर मुहर लगी थी, जिसने सरकार के तेज कामकाज का संकेत दिया था।

निवेश और रोजगार पर रहेगा फोकस

जानकारी के अनुसार, इस बार की बैठक में विकास, निवेश और रोजगार से जुड़े बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। मुख्यमंत्री पहले ही बिहार में 5 लाख करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य तय कर चुके हैं, ऐसे में निवेश आकर्षित करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।

11 टाउनशिप प्रोजेक्ट पर चर्चा

बैठक में प्रस्तावित 11 टाउनशिप परियोजनाओं पर भी विचार हो सकता है। इन योजनाओं के जरिए शहरीकरण को बढ़ावा देने और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन का लक्ष्य रखा गया है।

कैबिनेट विस्तार से पहले अहम संकेत

गौरतलब है कि अभी तक मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं हुआ है और सीमित मंत्रियों के साथ सरकार काम कर रही है। ऐसे में यह बैठक सरकार की प्राथमिकताओं और आने वाले फैसलों की दिशा तय करने में अहम मानी जा रही है। 29 अप्रैल की यह बैठक सिर्फ औपचारिक नहीं, बल्कि बिहार के विकास रोडमैप को नई दिशा देने वाली साबित हो सकती है।