Newshaat_Logo

बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स में शान से लहराया तिरंगा, देश की प्रगति में योगदान का उद्यमियों ने लिया संकल्प

 
बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स में शान से लहराया तिरंगा, देश की प्रगति में योगदान का उद्यमियों ने लिया संकल्प

Bihar News: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रांगण में शनिवार को पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। चैम्बर से जुड़े उद्यमियों और व्यवसायियों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

चैम्बर अध्यक्ष पी.के. अग्रवाल ने ध्वजारोहण के बाद उपस्थित सदस्यों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है, जिनके संघर्ष की बदौलत आज देशवासी स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं।

आजादी के साथ भविष्य की जिम्मेदारी भी समझनी होगी

पी.के. अग्रवाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम को याद करने का दिन नहीं है, बल्कि यह वर्तमान की जिम्मेदारियों और देश के भविष्य की दिशा तय करने का भी अवसर है। पिछले 79 वर्षों में भारत ने विज्ञान, तकनीक, शिक्षा और अर्थव्यवस्था समेत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है और वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है।

उन्होंने कहा कि विकास के बावजूद देश के सामने गरीबी, बेरोजगारी और सामाजिक असमानता जैसी चुनौतियां अभी भी मौजूद हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए समाज के हर वर्ग को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि जब तक हर व्यक्ति को विकास का लाभ नहीं मिलेगा, तब तक आजादी का उद्देश्य पूरी तरह सार्थक नहीं माना जा सकता।

‘मजबूत और समावेशी भारत के लिए करेंगे योगदान’

चैम्बर अध्यक्ष ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी सदस्यों से देश की प्रगति में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत को मजबूत, समृद्ध और समावेशी राष्ट्र बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार योगदान देना चाहिए।

कार्यक्रम में चैम्बर के उपाध्यक्ष एन.के. ठाकुर एवं विशाल टेकरीवाल, कोषाध्यक्ष राजेश जैन, महामंत्री मुकेश जैन, सुभाष पटवारी, आशीष शंकर, प्रदीप चौरसिया, पशुपति नाथ पाण्डेय, गणेश खेतरीवाल, प्रदीप जैन, सुनील सराफ, अभिजित बैद, पी.के. सिंह, आशीष प्रसाद, मुकेश कुमार, अजय गुप्ता, राकेश कुमार, अशोक कुमार, सुमित कुमार और अनिल पचीसिया सहित चैम्बर के कई सम्मानित सदस्य मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल रहा और उपस्थित सदस्यों ने राष्ट्र की एकता, विकास और समृद्धि के लिए अपने योगदान को और मजबूत करने का संकल्प लिया।