बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन कार्यालय में शान से लहराया तिरंगा, पत्रकारों ने लिया लोकतंत्र और देशहित के प्रति समर्पण का संकल्प
Patna: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के कार्यालय परिसर में देशभक्ति और उत्साह के माहौल में झंडोत्तोलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकारों के साथ समाजसेवी और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। पूरे परिसर में तिरंगे की सजावट के बीच राष्ट्रभक्ति का माहौल नजर आया।
कार्यक्रम में बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष रणवीर नंदन और स्टार इंडिया ग्रुप के चेयरमैन सह सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. शशी भूषण प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दोनों अतिथियों ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी।
पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूत आवाज: डॉ. शशी भूषण प्रसाद
अपने संबोधन में डॉ. शशी भूषण प्रसाद ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। पत्रकारों की जिम्मेदारी सिर्फ खबर पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में मौजूद समस्याओं और बुराइयों को सामने लाना, सच को जनता तक पहुंचाना और आम लोगों की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना भी उनकी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की निष्पक्षता और मजबूती लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद जरूरी है। ऐसे में पत्रकारों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ करना चाहिए।
पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान पर जोर
बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष रणवीर नंदन ने कहा कि मौजूदा दौर में पत्रकारों के सामने कई तरह की चुनौतियां हैं। ऐसे समय में पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार, समाज और पत्रकार संगठनों को मिलकर प्रयास करना होगा।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्र और निर्भीक पत्रकारिता लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाती है।
पत्रकारों की एकजुटता को बताया सबसे बड़ी ताकत
यूनियन के महासचिव मुकुंद कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन हमेशा पत्रकारों के हितों और अधिकारों के लिए मजबूती से आवाज उठाता रहेगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और भविष्य में भी पत्रकार हित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा।
कार्यक्रम में यूनियन के वरिष्ठ पदाधिकारी आकाश कुमार, अनिल कुमार, रजनीश कुमार, आलोक कुमार और रवीश कुमार मणि समेत बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे। इसके अलावा पंकज कुमार, कुंदन कुमार, कृपा शंकर, आर्यन सहित सैकड़ों पत्रकार, समाजसेवी और स्थानीय लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम के समापन पर देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत बनाए रखने तथा पत्रकारिता के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। राष्ट्रगान के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह का समापन हुआ।







