Newshaat_Logo

एनडीए ने भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से कन्हैया प्रसाद को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया, राजद ने सोनू कुमार राय को मैदान में उतारा

 
एनडीए ने भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से कन्हैया प्रसाद को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया, राजद ने सोनू कुमार राय को मैदान में उतारा

Bihar News: बिहार विधान परिषद की भोजपुर-बक्सर स्थानीय निकाय सीट पर होने वाले आगामी उपचुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए ने कन्हैया प्रसाद को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। वहीं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने अपनी रणनीति स्पष्ट करते हुए युवा और सक्रिय नेता सोनू कुमार राय को चुनावी मैदान में उतारने का औपचारिक ऐलान कर दिया है। 

Bihar news

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और संदेश विधायक राधाचरण साह की उपस्थिति में कन्हैया प्रसाद के नाम पर अपनी सहमति प्रदान की। इसके बाद औपचारिक रूप से उन्हें प्रत्याशी घोषित करने का सहमति पत्र दिया। इस फैसले को एनडीए के भीतर आपसी समन्वय और संगठन की मजबूती का संकेत माना जा रहा है। सीएम द्वारा प्रत्याशी बनाए जाने पर संदेश विधायक ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनके पुत्र कन्हैया प्रसाद पर भरोसा जताकर नेतृत्व ने क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि कन्हैया पार्टी की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे और क्षेत्र के विकास के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करेंगे।

वहीं, प्रत्याशी बनाए जाने पर कन्हैया प्रसाद ने सीएम समेत पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि एनडीए की जीत के लिए वे कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। कन्हैया के प्रत्याशी बनने से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह है। कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की दिशा में सकारात्मक कदम बताया है। उनका कहना है कि कन्हैया के रूप में पार्टी को एक ऊर्जावान और सक्रिय उम्मीदवार मिला है, जो क्षेत्र की समस्याओं को बेहतर तरीके से समझते हैं।

अब कन्हैया के सामने चुनावी मैदान में अपनी ताकत साबित करने की चुनौती होगी। हालांकि, पार्टी और एनडीए का मजबूत संगठन और शीर्ष नेतृत्व का समर्थन उनके पक्ष में माहौल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। प्रत्याशी बनाए जाने पर शुभकामनाएं और बधाई देने वालों में भाजपा नेता सह बिस्कोमान अध्यक्ष विशाल सिंह, जगदीशपुर विधायक श्री भगवान कुशवाहा, पूर्व सांसद मीना सिंह, आरा महानगर अध्यक्ष जेपी चौधरी, भाजपा नेता अशोक शर्मा, गुड्डू सिंह बबुआन, जेडीयू के वरिष्ठ नेता प्रिंस बजरंगी, अभय विश्वास भट्ट समेत दर्जनों लोग शामिल है।

राजद के प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने शुक्रवार को घोषणा की कि पार्टी ने सोनू कुमार राय को अपना आधिकारिक प्रत्याशी बनाया है। यह सीट जदयू के राधाचरण साह के विधायक बनने के कारण रिक्त हुई थी। सोनू राय, भोजपुर जिले के मीरगंज के निवासी हैं और उनके पिता लालदास राय भी एमएलसी रह चुके हैं। लालू प्रसाद यादव के करीबी माने जाने वाले सोनू राय 2022 से पार्टी के उपाध्यक्ष के रूप में संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। सोनू राय की पार्टी में पैठ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि करीब एक साल पहले खुद लालू प्रसाद यादव उनके द्वारा स्थापित राइस मिल का उद्घाटन करने चरपोखरी पहुंचे थे। हालांकि, सोनू राय पिछले विधानसभा चुनाव में बड़हरा सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन उस समय उन्हें मौका नहीं मिला था। अब एमएलसी उपचुनाव के जरिए पार्टी ने उन पर बड़ा भरोसा जताया है।

उपचुनाव का शिड्यूल: 12 मई को होगा मतदान
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, इस उपचुनाव की प्रक्रिया 16 अप्रैल को अधिसूचना जारी होने के साथ शुरू होगी:
नामांकन की अंतिम तिथि: 23 अप्रैल 2026
नामांकन पत्रों की जांच: 24 अप्रैल 2026
नाम वापसी की तिथि: 27 अप्रैल 2026
मतदान की तारीख: 12 मई 2026
परिणाम की घोषणा: 14 मई 2026

भोजपुर-बक्सर की इस सीट पर जंग दिलचस्प होने वाली है। राजद के उम्मीदवार उतरने के बाद अब सभी की निगाहें एनडीए पर टिकी हैं, एनडीए में शामिल जदयू ने कन्हैया प्रसाद को प्रत्याशी घोषित किया है। दूसरी ओर, प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने भी अपना उम्मीदवार उतारने का मन बना लिया है, जिससे यहां आमने-सामने की लड़ाई अब त्रिकोणीय मुकाबले में बदलती दिख रही है।