Newshaat_Logo

दरभंगा में फिर गूंजेगी चीनी मिल की सीटी- रैयाम प्रोजेक्ट को मिली रफ्तार, DPR तैयार करने का आदेश जारी

 
दरभंगा में फिर गूंजेगी चीनी मिल की सीटी—रैयाम प्रोजेक्ट को मिली रफ्तार, DPR तैयार करने का आदेश जारी
Darbhanga News: बिहार में औद्योगिक पुनर्जीवन की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। सहकारिता विभाग ने दरभंगा के रैयाम में प्रस्तावित सहकारी चीनी मिल के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार करने का कार्यादेश जारी कर दिया है। यह पहल राज्य सरकार के “सात निश्चय-3: समृद्ध उद्योग, सशक्त बिहार” अभियान के तहत की जा रही है।

मिल स्थापना की दिशा में बड़ी प्रगति

सहकारिता विभाग और National Federation of Cooperative Sugar Factories Limited के बीच फरवरी 2026 में हुए समझौते के बाद रैयाम चीनी मिल के लिए संभाव्यता रिपोर्ट तैयार की गई, जिसे विभाग ने मंजूरी दे दी है। इसके आधार पर अब DPR तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

DPR में होगा हर पहलू का विश्लेषण

इस रिपोर्ट में परियोजना की तकनीकी, वित्तीय, व्यावसायिक और क्रियान्वयन से जुड़े सभी पहलुओं का विस्तृत आकलन किया जाएगा। DPR के तैयार होते ही आगे की कार्रवाई जैसे एजेंसी चयन और निर्माण कार्य तेजी से शुरू किया जाएगा।

किसानों और रोजगार को मिलेगा सहारा

सहकारिता मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने इस पहल पर खुशी जताते हुए कहा कि सरकार गन्ना उत्पादक किसानों को मजबूत बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि रैयाम चीनी मिल के शुरू होने से न सिर्फ किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

उद्योग को मिलेगी नई रफ्तार

सरकार का मानना है कि यह परियोजना उत्तर बिहार में औद्योगिक गतिविधियों को नई दिशा देगी और बंद पड़ी चीनी मिलों के पुनरुद्धार की उम्मीद भी जगाएगी।

रैयाम चीनी मिल परियोजना बिहार के किसानों, युवाओं और उद्योग जगत के लिए एक नई उम्मीद बनकर उभर रही है।