Movie prime

टोल-फ्री नंबर ही बंद निकला! डिप्टी सीएम विजय सिन्हा का औचक निरीक्षण, अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार

 
Bihar news

Bihar news: बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का टोल-फ्री नंबर आम लोगों की परेशानी सुनने के लिए जारी किया गया था, लेकिन वह सही तरीके से काम नहीं कर रहा है। इस बात का खुलासा खुद उपमुख्यमंत्री और राजस्व मंत्री विजय सिन्हा ने किया है। गुरुवार को वह अचानक विभाग के कार्यालय पहुंचे और मौके पर निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान विजय सिन्हा ने अधिकारियों से सीधे सवाल किया कि टोल-फ्री नंबर पर फोन क्यों नहीं उठ रहा है। उन्होंने बताया कि वह खुद सुबह से करीब 10 बार कॉल कर चुके हैं, लेकिन एक भी बार फोन नहीं लगा। यह सुनते ही विभाग में मौजूद अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

बताया गया कि जमीन से जुड़े मामलों के समाधान के लिए विभाग ने टोल-फ्री नंबर 1800-345-6215 जारी किया है, ताकि आम लोग आसानी से अपनी शिकायत दर्ज करा सकें। लेकिन लगातार शिकायत मिल रही थी कि इस नंबर पर संपर्क नहीं हो पा रहा है।

डिप्टी सीएम ने इस पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जब टोल-फ्री सेवा ही ठीक से नहीं चलेगी, तो जनता अपनी समस्या कैसे बताएगी। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही बताया और मौके पर ही अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।

विजय सिन्हा ने साफ कहा कि यह सेवा सिर्फ दिखावे के लिए नहीं, बल्कि लोगों की मदद के लिए बनाई गई है। उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिया कि तकनीकी खामियों को तुरंत ठीक किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कॉल सेंटर दिन-रात सही ढंग से काम करे।

उन्होंने चेतावनी दी कि अगर आगे भी ऐसी शिकायतें मिलीं तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार चाहती है कि जमीन और राजस्व से जुड़े मामलों में जनता को जल्दी और पारदर्शी सेवा मिले।

इस घटना के बाद विभाग में व्यवस्था सुधारने की कवायद तेज कर दी गई है।