बिहार में ठंड का इंतजार और बढ़ा, तापमान स्थिर, सुबह कोहरे के आसार, दिन में धूप
राजधानी पटना समेत पूरे बिहार में कड़ाके की ठंड के लिए फिलहाल इंतजार करना पड़ेगा। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार अगले 4-5 दिनों तक राज्य के अधिकतम तापमान में बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं अगले 3-4 दिनों तक न्यूनतम तापमान भी स्थिर रहेगा। राज्य में अगले 48 घंटे सुबह हल्के से मध्यम कोहरे के आसार हैं, जबकि दिन में धूप खिली रहेगी।
मौसम के इस उतार-चढ़ाव के बीच दिन में तेज धूप से हल्की गर्मी लग रही है, वहीं सुबह व रात में हल्की ठंड महसूस हो रही है। पटना में सोमवार को अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार पटना में अगले सात दिनों तक आसमान साफ रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 से 21 डिग्री रहने का अनुमान है।
आगे क्या : 11 को 5 जिलों में बारिश का अनुमान
9-10 नवंबर : राज्यभर में मौसम शुष्क रहेगा।
10-11 नवंबर : पूर्वी बिहार में गरज-चमक व बिजली गिरने की संभावना है।
11 नवंबर : भागलपुर, बांका, मुंगेर, जमुई और खगड़िया में हल्की बारिश हो सकती है।
12-15 नवंबर : मौसम फिर से शुष्क रहेगा।







