बिहार में फिर बिगड़ेगा मौसम का मिजाज! पटना समेत 4 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, 13 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी
Bihar Weather News: बिहार में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने बुधवार को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश के साथ आंधी और वज्रपात की आशंका जताते हुए अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे बिहार के लिए मौसम के लिहाज से काफी अहम रहने वाले हैं। कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है।
पटना समेत 4 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने पटना, रोहतास, नवादा और कैमूर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज बारिश के साथ तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम के इस बदले मिजाज को देखते हुए प्रशासन को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
वहीं गया, औरंगाबाद, जहानाबाद, बक्सर, सारण, सीवान, वैशाली, समस्तीपुर और बेगूसराय समेत 13 अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना बनी हुई है।
पटना में दो दिन तक जारी रह सकता है बारिश का दौर
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक राजधानी पटना में अगले दो दिनों तक तेज बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलजमाव की समस्या बढ़ने के साथ कुछ स्थानों पर बाढ़ जैसे हालात बनने की आशंका भी जताई गई है।
मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए पटना जिला प्रशासन ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। संवेदनशील इलाकों में आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों को अलर्ट पर रखा गया है। वहीं नगर निगम को जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने, पंपों को तैयार रखने और नालियों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
किसानों को भी किया गया अलर्ट
लगातार बारिश को लेकर कृषि विभाग ने किसानों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग ने खरीफ फसलों को जलजमाव से बचाने के लिए खेतों से पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था करने को कहा है। अधिकारियों का कहना है कि खेतों में लंबे समय तक पानी जमा रहने से खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।
बारिश और वज्रपात के दौरान बरतें सावधानी
मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। आकाशीय बिजली की स्थिति में खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों, बिजली के खंभों और धातु की वस्तुओं से दूर रहने की सलाह दी गई है। लोगों को सुरक्षित स्थान पर रहने और मौसम खराब होने की स्थिति में यात्रा से बचने को कहा गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे स्थानीय स्तर पर जारी मौसम संबंधी निर्देशों का पालन करें।







