बिहार में अगले दो हफ्तों तक नहीं होगी भारी बारिश, पटना समेत कई जिलों में चढ़ेगा पारा

Bihar: बिहार में मानसून की रफ्तार थम गई है। आने वाले अगले दो सप्ताह तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना कम बताई जा रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार से राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। इससे राज्य में दिन के समय भीषण गर्मी का असर तेज होगा, जबकि न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होने के आसार हैं।
पटना में आंशिक बादल और उमस
राजधानी पटना में सोमवार को आंशिक बादल छाए रहने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर सकती है। रविवार को राजधानी में सूरज के तीखे तेवरों के साथ ही अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री और न्यूनतम 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में क्रमश: 1.4 और 0.4 डिग्री की बढ़ोतरी देखी गई।

गया में सबसे ज्यादा बारिश, गोपालगंज सबसे गर्म
रविवार को प्रदेश के 10 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। गया में सबसे अधिक 7 मिमी वर्षा हुई। वहीं, गोपालगंज में तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो राज्य में सबसे ज्यादा रहा। सहरसा के अगवानपुर में न्यूनतम तापमान सबसे कम 25.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
दक्षिण बिहार में ठनका-बिजली गिरने की आशंका
हालांकि, दक्षिण बिहार के कुछ इलाकों—जैसे औरंगाबाद, गया, नवादा और जमुई में—ठनका गिरने के साथ हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं। यहां 30 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी चंपारण में भी रविवार को हवा की रफ्तार 35 किमी प्रति घंटे तक दर्ज की गई।
अगले 5 दिनों का अनुमान (पटना)
दिन मौसम का हाल अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
सोमवार आंशिक बादल, उमस 35°C 28°C
मंगलवार धूप और गर्मी 36°C 28°C
बुधवार गर्म और सूखा दिन 37°C 27°C
गुरुवार तेज धूप 38°C 27°C
शुक्रवार आंशिक बादल, उमस 37°C 28°C