कक्षा में जाने से पहले सोचें- क्या, क्यों और कैसे पढ़ाना है”: वैशाली DM वर्षा सिंह की अनोखी पहल, सभी सरकारी स्कूलों में लगा प्रेरणादायी संदेश-पत्र
Bihar news: वैशाली जिले के सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक अभिनव पहल शुरू की है। जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह के निर्देश पर जिले के सभी सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के लिए प्रेरणादायी संदेश-पत्र प्रदर्शित किए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य शिक्षकों में दायित्वबोध बढ़ाना, कक्षा शिक्षण को अधिक प्रभावी बनाना तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है।

संदेश-पत्र में शिक्षकों से अपील की गई है कि वे कक्षा में प्रवेश करने से पहले स्वयं से कुछ महत्वपूर्ण प्रश्न करें-उन्हें किसे पढ़ाना है, क्या पढ़ाना है, क्यों पढ़ाना है, कितना पढ़ाना है और किस प्रकार पढ़ाना है। वहीं कक्षा समाप्त होने के बाद आत्ममूल्यांकन करते हुए यह सोचने को कहा गया है कि बच्चों को पढ़ाई में आनंद आया या नहीं, उनमें सीखने की रुचि बढ़ी या नहीं, मूल्यांकन हुआ या नहीं तथा गृहकार्य दिया गया या नहीं।
जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने कहा कि शिक्षक समाज निर्माण के सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। यदि प्रत्येक शिक्षक कक्षा में जाने से पहले शिक्षण की स्पष्ट योजना बनाए और पढ़ाने के बाद आत्ममंथन करे, तो बच्चों के सीखने के स्तर में उल्लेखनीय सुधार संभव है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं, बल्कि बच्चों में जिज्ञासा, आत्मविश्वास, नवाचार और स्वयं सीखने की क्षमता विकसित करना भी है।

उन्होंने बताया कि विद्यालयों में लगाए गए ये संदेश-पत्र शिक्षकों को प्रतिदिन उनके दायित्वों की याद दिलाएंगे और उन्हें अधिक संवेदनशील, प्रभावी एवं परिणामोन्मुख शिक्षण के लिए प्रेरित करेंगे। इससे विद्यालयों का शैक्षणिक वातावरण और अधिक सशक्त होगा तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लक्ष्य को नई गति मिलेगी।
जिला प्रशासन द्वारा शिक्षा व्यवस्था में सतत सुधार के लिए लगातार नवाचार और प्रेरणादायी पहलें की जा रही हैं। यह पहल भी उसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे शिक्षक और विद्यार्थियों दोनों को सकारात्मक एवं प्रेरक शैक्षणिक वातावरण प्राप्त होगा।







