तीन शराब तस्कर को एक लाख के शराब के साथ उत्पाद टीम दबोचा, अब खाएंगे जेल की हवा
पटना साहिब: बिहार की राजधानी पटना के दीदारगंज नेशनल हाईवे टोल प्लाजा के पास 13 जुलाई 2026 को पटना के उत्पाद एवं मध् निषेध विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कृषि विभाग के आयुक्त का बोर्ड लगी एक संदिग्ध गाड़ी से करीब एक लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद की है। इस मामले में तीन शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार आरोपियों में एक युवक वर्दी पहने हुए था और उसके पास एक आईएएस अधिकारी का पहचान पत्र (आई-कार्ड) भी मिला। इसके अलावा उसके पास पिस्टल रखने वाला कवर (होल्स्टर) भी बरामद हुआ है। पूरे मामले को देखते हुए उत्पाद एवं मध् निषेध विभाग कई पहलुओं से जांच में जुट गया है।
पटना के उत्पाद एवं मध् निषेध विभाग पटना के सहायक आयुक्त प्रेम प्रकाश के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि एक विशेष गाड़ी के माध्यम से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब की खेप पटना के नेशनल हाईवे दीदारगंज इलाके से होकर गुजरने वाली है। इसी सूचना के आधार पर टीम ने इलाके में वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि वाहन पर कृषि विभाग के आयुक्त का बोर्ड लगा हुआ था, जिससे पहली नजर में सरकारी वाहन होने का आभास हो रहा था। अधिकारियों का मानना है कि सरकारी पहचान का दुरुपयोग कर शराब की तस्करी को अंजाम देने की कोशिश की जा रही थी।
उक्त कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राजा कुमार, चंदन कुमार और अमन कुमार के रूप में हुई है। राजा कुमार और चंदन कुमार नालंदा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जबकि अमन कुमार पटना का निवासी है। अधिकारियों ने बताया कि राजा कुमार वर्दी पहने हुए था और उसके पास एक आईएएस अधिकारी का आई-कार्ड भी मिला है। साथ ही पिस्टल का होल्स्टर भी बरामद किया गया है।







