TRE-4 लाठीचार्ज से परिवारवाद तक… तेजस्वी ने सम्राट सरकार को कई मुद्दों पर घेरा, जानिए पूरी खबर
तेजस्वी यादव ने कहा कि जो नेता पहले “परिवारवाद” के खिलाफ राजनीति करते थे, आज वही अपने परिवार के सदस्यों को बिना चुनाव लड़े मंत्री बना रहे हैं। उन्होंने खास तौर पर निशांत कुमार और दीपक प्रकाश को मंत्री बनाए जाने पर सवाल उठाया और कहा कि दोनों बिना किसी सदन के सदस्य बने सीधे मंत्री पद तक पहुंच गए।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “प्रधानमंत्री पहले दूसरों को ‘शहजादा’ कहते थे, लेकिन अब देश को बताना चाहिए कि असली शहजादे कौन हैं। आज एनडीए के लगभग हर दल में परिवारवाद साफ दिखाई दे रहा है।”
“सरकार के पास विजन नहीं”
तेजस्वी ने सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि नई सरकार बनने के बाद शुरुआती महीनों में सिर्फ नेतृत्व परिवर्तन और सत्ता संतुलन की राजनीति होती रही। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मंत्री कुछ महीनों तक भी अपने पद पर टिक नहीं पाए और सरकार के पास राज्य के विकास को लेकर कोई स्पष्ट विजन नहीं है।
TRE-4 और कानून व्यवस्था पर हमला
नेता प्रतिपक्ष ने TRE-4 अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि नौकरी मांगने वाले युवाओं पर लाठियां बरसाई जा रही हैं, जबकि राज्य में अपराध लगातार बढ़ते जा रहे हैं। उनके मुताबिक सरकार जनता की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय सिर्फ प्रचार और दिखावे में व्यस्त है।
“बिहार का खजाना खाली”
तेजस्वी यादव ने दावा किया कि बिहार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है और सरकार के पास विकास योजनाओं को लागू करने के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। उन्होंने कहा कि ठेकेदारों, पेंशनधारियों और कर्मचारियों के भुगतान तक में परेशानी हो रही है।
उन्होंने सरकार की नई घोषणाओं पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जो सरकार पुरानी योजनाओं को पूरी तरह लागू नहीं कर पाई, वह अब नए शहर और एयरपोर्ट बनाने के बड़े-बड़े दावे कर रही है।
महिलाओं की भागीदारी पर भी उठाए सवाल
महिला प्रतिनिधित्व को लेकर भी तेजस्वी यादव ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने पूछा कि क्या मंत्रिमंडल में 33 प्रतिशत महिलाओं को जगह दी गई है? साथ ही आरोप लगाया कि जिन महिलाओं को मौका मिला है, वे भी राजनीतिक परिवारों से जुड़ी हुई हैं।
संगठन विस्तार की तैयारी में RJD
तेजस्वी यादव ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल अब संगठन को और मजबूत करने की तैयारी में जुट गई है। पार्टी हर जिले और प्रखंड स्तर पर अपने कैडर को मजबूत करेगी और जनता से जुड़े मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी।







