Newshaat_Logo

जॉर्ज फर्नांडिस की जयंती पर श्रद्धांजलि, मंत्री श्रवण कुमार बोले- देश की सुरक्षा और लोकतंत्र के सच्चे प्रहरी थे जॉर्ज साहब

 
जॉर्ज फर्नांडिस की जयंती पर श्रद्धांजलि, मंत्री श्रवण कुमार बोले- देश की सुरक्षा और लोकतंत्र के सच्चे प्रहरी थे जॉर्ज साहब
Bihar News: प्रख्यात समाजवादी नेता, पूर्व केंद्रीय रक्षा मंत्री और पद्म विभूषण से सम्मानित स्वर्गीय जॉर्ज फर्नांडिस की जयंती बुधवार को मुजफ्फरपुर के सिटी पार्क में राजकीय समारोह के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर बिहार सरकार के सूचना एवं जन-सम्पर्क तथा ग्रामीण विकास मंत्री सह जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि जॉर्ज फर्नांडिस केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और राष्ट्रहित के लिए संघर्ष करने वाले अद्वितीय जननेता थे। उन्होंने कहा कि जॉर्ज फर्नांडिस का पूरा जीवन जनसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और सामाजिक समानता के लिए समर्पित रहा।

मंत्री ने कहा कि आपातकाल के खिलाफ उनकी लड़ाई से लेकर देश की सुरक्षा को मजबूत बनाने तक, जॉर्ज फर्नांडिस ने कई ऐतिहासिक भूमिकाएं निभाईं। पोखरण-2 परमाणु परीक्षण, कारगिल युद्ध के दौरान नेतृत्व और रक्षा मंत्रालय में उनके योगदान को देश हमेशा याद रखेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

श्रवण कुमार ने भावुक अंदाज में कहा कि जॉर्ज फर्नांडिस उनके करीबी नेताओं में शामिल थे और उनका व्यक्तित्व नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि जॉर्ज साहब ने हमेशा आम लोगों की आवाज को बुलंद किया और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए जीवनभर संघर्ष किया।

कार्यक्रम में मीनापुर विधायक अजय कुमार और रून्नी सैदपुर विधायक पंकज मिश्रा ने भी स्वर्गीय जॉर्ज फर्नांडिस की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन, पुलिस अधीक्षक कंटेश कुमार, उप विकास आयुक्त श्रेष्ठ अनुपम, नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी।

जयंती समारोह में उपस्थित लोगों ने जॉर्ज फर्नांडिस के विचारों और उनके संघर्षपूर्ण जीवन को याद करते हुए उन्हें देश के लोकतांत्रिक इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय बताया। उनका जीवन आज भी जनसेवा और राष्ट्रहित की राजनीति करने वालों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है।