बिहार में दर्दनाक हादसा, अनियंत्रित बाइक बिजली के खंभे से टकराई, दो युवकों की मौके पर गई जान
Darbhanga: बिहार के एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार बाइक बिजली के खंभे से टकरा गई, जिससे दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.

मृतकों की पहचान फेकला थाना क्षेत्र के गोढ़िया कुशोथर गांव निवासी रामबाबू सदा के 20 वर्षीय पुत्र सुंदर सदा और सदर थाना क्षेत्र के खरथुआ गांव निवासी निरगुन सदा के 21 वर्षीय पुत्र अजय सदा के रूप में हुई है. बताया गया कि सुंदर सदा अपनी मां शीला देवी के साथ अपने ननिहाल गोढ़िया में रहता था.
स्थानीय लोगों के अनुसार, बाइक तेज गति से जा रही थी. इसी दौरान चालक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सीधे सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई. टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को भी जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है. पुलिस मृतकों की पहचान और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है.







