स्वास्थ्य मंत्री निशांत के नेतृत्व में बिहार ने रचा इतिहास, टीबी मुक्त अभियान में लक्ष्य से 185% अधिक स्क्रीनिंग
Bihar News: बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए स्वास्थ्य विभाग ने ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के तहत उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। 2 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक चले विशेष अभियान में राज्य ने निर्धारित लक्ष्य से कहीं अधिक प्रदर्शन करते हुए 1 करोड़ के लक्ष्य के मुकाबले 1.90 करोड़ से अधिक लोगों की टीबी स्क्रीनिंग कर 185 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की है। इसे राज्य में टीबी उन्मूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने इस सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि स्वास्थ्य विभाग की सुनियोजित रणनीति, चिकित्सा कर्मियों की मेहनत और आम जनता के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने बताया कि आशा कार्यकर्ता, एएनएम, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी और चिकित्सा पदाधिकारियों ने गांव से लेकर शहर तक अभियान को मिशन मोड में चलाकर अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच बनाई।
अभियान के दौरान 1 करोड़ 90 लाख 91 हजार 155 लोगों का निक्षय पोर्टल पर पंजीकरण किया गया। वहीं, उच्च जोखिम वाले 5.91 लाख से अधिक लोगों का एक्स-रे और 1.23 लाख से अधिक लोगों की NAAT तकनीक से जांच की गई, जिससे शुरुआती चरण में ही टीबी मरीजों की पहचान संभव हो सकी।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस विशेष अभियान में 15,004 नए टीबी मरीजों की पहचान कर उनका पंजीकरण किया गया। इनमें से 11,956 मरीजों को विशेष टीबी देखभाल कार्यक्रम से जोड़ा गया, ताकि उनका नियमित उपचार और फॉलो-अप सुनिश्चित किया जा सके। वहीं, संक्रमण की रोकथाम के लिए 42,239 लोगों को टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट (TPT) से भी जोड़ा गया।
मरीजों के इलाज के साथ उनके पोषण पर भी विशेष ध्यान दिया गया। अभियान के दौरान 17,643 फूड बास्केट वितरित किए गए, जबकि 65,796 लाभार्थियों को निक्षय पोषण योजना के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई, ताकि आर्थिक तंगी इलाज में बाधा न बने।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि राज्य के सभी जिलों में अभियान को मिशन मोड में चलाया गया। घर-घर जाकर स्क्रीनिंग, जांच और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे सभी जिलों में लक्ष्य के अनुरूप बेहतर प्रदर्शन देखने को मिला। विभाग का मानना है कि यह उपलब्धि टीबी मुक्त बिहार और टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में एक मजबूत आधार साबित होगी।







