Movie prime

राहुल गांधी पर बरसे केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे, इंडिया एलायंस और ममता बनर्जी को भी लिया निशाने पर

 
राहुल गांधी पर बरसे केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे

Jehanabad/Patna: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी कार्यक्रम को लेकर बिहार में सियासत तेज हो गई है। इसी कड़ी में शनिवार को जहानाबाद पहुंचे केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और इंडिया एलायंस पर करारा हमला बोला।

राहुल गांधी पर तीखा हमला

मंत्री दुबे ने राहुल गांधी की मताधिकार यात्रा पर सवाल उठाते हुए कहा कि राहुल गांधी अब “मानसिक संतुलन खो चुके नेता” बन गए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी यात्राओं से जनता को कोई लाभ नहीं होने वाला, क्योंकि देश विकास की राह पर पहले से ही मजबूती से बढ़ रहा है।

ममता बनर्जी और घुसपैठियों का मुद्दा

सतीश चंद्र दुबे ने बिहार में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सही ठहराया। उन्होंने कहा कि यह कदम पश्चिम बंगाल से आए घुसपैठियों को बाहर करने के लिए जरूरी है। दुबे ने इस मुद्दे पर ममता बनर्जी को घेरते हुए कहा कि उन्हीं की नीतियों की वजह से बिहार और देश को नुकसान उठाना पड़ रहा है।

पीएम मोदी के कार्यक्रम का न्योता

22 अगस्त को गयाजी में होने वाले प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम के लिए मंत्री दुबे ने कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों से बड़ी संख्या में जुटने की अपील की। उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में भारत हर क्षेत्र में तरक्की कर रहा है चाहे कृषि हो, अर्थव्यवस्था हो या देश की सुरक्षा। हाल ही में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता इसी विजनरी लीडरशिप का उदाहरण है।

राजद पर भी वार

सिर्फ कांग्रेस ही नहीं, दुबे ने राजद पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि राजद की राजनीति केवल “नकारात्मकता और बयानों” तक सीमित रह गई है। न तो उनके पास विकास का कोई एजेंडा है और न ही कोई स्पष्ट विजन।