Newshaat_Logo

उपेन्द्र कुशवाहा की बड़ी मांग: विश्वविद्यालयों के शिक्षकों और कर्मचारियों को भी मिले कैशलेस इलाज की सुविधा

 
उपेन्द्र कुशवाहा की बड़ी मांग: विश्वविद्यालयों के शिक्षकों और कर्मचारियों को भी मिले कैशलेस इलाज की सुविधा

Bihar News: राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद उपेन्द्र कुशवाहा ने बिहार के विश्वविद्यालयों और अंगीभूत महाविद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों तथा सेवानिवृत्त पेंशनरों को बिहार सरकार स्वास्थ्य योजना (BGHS) के दायरे में शामिल करने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ उच्च शिक्षा संस्थानों के कर्मियों तक भी पहुंचाने का आग्रह किया है।

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता फ़ज़ल इमाम मलिक ने बताया कि उपेन्द्र कुशवाहा ने 23 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में लिखा है कि राज्य सरकार द्वारा लागू की गई बिहार सरकार स्वास्थ्य योजना एक जनहितकारी और सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि यह योजना फिलहाल सरकारी कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मियों और अन्य पात्र लाभार्थियों के लिए लागू है, लेकिन विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के शिक्षक एवं कर्मचारी इससे वंचित हैं।

कुशवाहा ने अपने पत्र में कहा कि राज्य के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में कार्यरत शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी और पेंशनर वर्षों से शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद गंभीर बीमारी की स्थिति में उन्हें इलाज के दौरान आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि बिहार सरकार स्वास्थ्य योजना का दायरा बढ़ाकर उच्च शिक्षा संस्थानों के सभी कार्यरत एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी इसमें शामिल किया जाए। उनका कहना है कि इससे हजारों परिवारों को राहत मिलेगी और कर्मचारियों में सामाजिक सुरक्षा की भावना भी मजबूत होगी।

राष्ट्रीय लोक मोर्चा का मानना है कि यदि यह मांग स्वीकार की जाती है, तो राज्य के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों से जुड़े बड़ी संख्या में शिक्षकों, कर्मचारियों और पेंशनरों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का सीधा लाभ मिलेगा। पार्टी ने उम्मीद जताई है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इस जनहित के मुद्दे पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए उच्च शिक्षा परिवार को भी इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य योजना का लाभ प्रदान करेंगे।