ट्रेड डील पर बवाल: किसान संसद में भड़के सुधाकर सिंह, बोले- किसानों के साथ समझौता हुआ तो फिर घेरेंगे दिल्ली
भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर सवाल
सुधाकर सिंह ने कथित भारत-अमेरिका ट्रेड डील को किसानों के लिए खतरा बताते हुए आरोप लगाया कि इसके जरिए विदेशी सब-ग्रेड खाद्य उत्पादों को बिना टैक्स भारत में लाने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि यह भारतीय कृषि व्यवस्था को कमजोर कर सकता है और इसका विरोध जारी रहेगा।
फिर घेरेंगे दिल्ली’ की चेतावनी
सांसद ने दो टूक कहा कि अगर अंतिम समझौते में किसानों की सुरक्षा और स्वतंत्रता से समझौता हुआ, तो किसान चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने 2020-21 के आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि जरूरत पड़ी तो उसी तरह का देशव्यापी आंदोलन फिर से खड़ा किया जाएगा।
बेमौसम बारिश पर मुआवजे की मांग
उन्होंने कहा कि हालिया बेमौसम बारिश से गेहूं समेत कई फसलें बर्बाद हो गई हैं। इसके लिए केंद्र सरकार से मुआवजे की मांग करते हुए उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को संसद में भी जोरदार तरीके से उठाया जाएगा।
नीतीश कुमार पर तंज
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर तंज कसते हुए सुधाकर सिंह ने कहा कि अब बिहार का फैसला पटना नहीं, बल्कि दिल्ली से होगा। उन्होंने ‘चाचा परदेसी’ वाले बयान का समर्थन करते हुए कहा कि यह राज्य के लिए चिंताजनक स्थिति है।
पटना से आंदोलन की शुरुआत
सांसद ने दावा किया कि पटना में हजारों किसानों की मौजूदगी इस बात का संकेत है कि आंदोलन की नींव रखी जा चुकी है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसानों के हक के लिए सड़क से संसद तक लड़ाई जारी रहेगी।
किसान संसद से उठी यह आवाज आने वाले दिनों में सियासत और आंदोलन दोनों को गर्माने के संकेत दे रही है।







