Newshaat_Logo

बिहार में मौसम का यू-टर्न: रात में झमाझम बारिश, सुबह तेज धूप… 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

 
बिहार में मौसम का यू-टर्न: रात में झमाझम बारिश, सुबह तेज धूप… 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
Bihar Weather Update: बिहार में मौसम ने एक बार फिर अपना रंग बदल लिया है। राजधानी पटना समेत कई जिलों में कुदरत का डबल रूप देखने को मिल रहा है- बीती रात जहां झमाझम बारिश ने मौसम सुहाना कर दिया, वहीं सुबह तेज धूप के साथ दिन की शुरुआत हुई।

हालांकि राहत के साथ खतरे की घंटी भी बज चुकी है। भारतीय मौसम विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि आज भी बारिश और तेज हवाओं का असर बना रहेगा। राज्य के 19 जिलों में आंधी-तूफान और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

Banka

22 जिलों में आंधी-बारिश का कहर, फसलों को भारी नुकसान

बीते दिन 22 जिलों में आई तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने एक तरफ जहां भीषण गर्मी से राहत दिलाई, वहीं दूसरी तरफ किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। आम, लीची, मूंग और मक्का की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। कई जगह पेड़ गिरने से सड़कें जाम हो गईं और बिजली आपूर्ति घंटों ठप रही, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।

Bihar

अगले 24 घंटे अहम, 3 मई तक जारी रहेगा मौसम का खेल

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में मौसम का यह उतार-चढ़ाव अभी थमने वाला नहीं है। 3 मई तक अलग-अलग हिस्सों में आंधी, बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। अगले 24 घंटे में खासकर दक्षिणी बिहार में बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश के आसार हैं।

19 जिलों में अलर्ट, 50 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

उत्तर और दक्षिण बिहार के कई जिलों-अरवल, औरंगाबाद, गया, जहानाबाद, नवादा, भोजपुर, बक्सर, नालंदा, रोहतास, बांका समेत अन्य इलाकों में 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। लोगों को खास सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

फिलहाल राहत, लेकिन फिर बढ़ेगी गर्मी

आंधी और बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री और न्यूनतम में 3 डिग्री की कमी आई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। लेकिन यह राहत ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं आने वाले दिनों में तापमान फिर चढ़ने के संकेत हैं।