बिहार में मौसम का यू-टर्न, 11 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट; पटना में छाए काले बादल
बिहार से मॉनसून की विदाई का दौर शुरू होने वाला है, लेकिन इससे पहले ही राज्य के मौसम ने अचानक करवट ले ली है। शनिवार की सुबह राजधानी पटना समेत आसपास के इलाकों में मौसम का मिजाज बदल गया। आसमान में अचानक काले बादल छा गए और तेज आंधी चलने लगी। मौसम में आए इस बदलाव के बीच मौसम विभाग ने राज्य के 11 जिलों में अगले दो से तीन घंटों के दौरान खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, खगड़िया, दरभंगा, बेगूसराय, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, सहरसा, पटना, मुंगेर, लखीसराय और सारण में मौसम बिगड़ने की आशंका है। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे में लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
आंधी और बिजली चमकने के दौरान रहें सावधान
मौसम में अचानक आए बदलाव को देखते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है। तेज हवा चलने या बिजली चमकने के दौरान खुले मैदानों में जाने से बचें। पेड़ों के नीचे शरण न लें और बिजली के खंभों तथा तारों से दूरी बनाए रखें। किसानों को भी सलाह दी गई है कि मौसम खराब होने पर खेतों में काम करना रोक दें और किसी सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।
तापमान में उतार-चढ़ाव के आसार
बिहार में मौसम बदलने के बावजूद दिन के तापमान में बहुत बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है। राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दोपहर में उमस और गर्मी महसूस हो सकती है, जबकि शाम के समय मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने की उम्मीद है।
तापमान के पूर्वानुमान के मुताबिक, पटना में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। भागलपुर में तापमान 24 से 33 डिग्री, समस्तीपुर में 23 से 32 डिग्री, गयाजी में 22 से 32 डिग्री और अररिया में 23 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
फिलहाल, मॉनसून की विदाई से पहले मौसम में आए इस बदलाव ने लोगों को सतर्क कर दिया है। ऐसे में मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर नजर रखना और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतना जरूरी है।







