Movie prime

स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं- वाल्मीकि नगर विधायक का फूटा गुस्सा, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को दी सख्त चेतावनी

 
स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं” — वाल्मीकि नगर विधायक का फूटा गुस्सा, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को दी सख्त चेतावनी

Bihar news: पश्चिम चंपारण जिले के वाल्मीकि नगर विधानसभा क्षेत्र में बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार मिल रही शिकायतों पर गंभीर नाराजगी जताते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी राजेश सिंह नीरज को कड़ी चेतावनी दी है।

विधायक ने कहा कि उन्हें लगातार अलग–अलग स्वास्थ्य केंद्रों से शिकायतें मिल रही हैं कि चिकित्सक नियमित रूप से ड्यूटी पर नहीं रहते और जो डॉक्टर आते भी हैं, वे समय पर अस्पताल नहीं पहुंचते। इसका सीधा असर आम जनता की सेहत पर पड़ रहा है, जिसे किसी भी सूरत में नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

इस क्रम में लक्ष्मीपुर सौराहा स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति को विधायक ने बेहद चिंताजनक बताया। स्थानीय ग्रामीणों ने जानकारी दी कि इस उप स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन होने के बावजूद यह अधिकांश समय बंद ही रहता है। न तो वहां चिकित्सक उपलब्ध रहते हैं और न ही कोई स्वास्थ्य कर्मी, जिसके कारण आज तक ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं का कोई वास्तविक लाभ नहीं मिल पाया है।

ग्रामीणों की शिकायत सुनते ही विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा भड़क गए और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विधायक ने स्वास्थ्य व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि यदि स्थिति नहीं सुधरी तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरे मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भी गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार की योजनाएं कागजों पर तो चल रही हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चरमरा चुकी हैं। अब देखना होगा कि विधायक की सख्ती के बाद स्वास्थ्य विभाग व्यवस्था सुधारने के लिए क्या कदम उठाता है।

रिपोटर: आशीष कुमार