चौक-चौराहों के 150 फीट के दायरे में गाड़ी नहीं लगे इसके लिए पटना में निशान लगेंगे
पटना ट्रैफिक पुलिस, नगर निगम और पथ निर्माण विभाग मिलकर इस पर काम करेंगे। ट्रैफिक पुलिस ने दो माह पहले यह निर्णय लिया था कि चौक-चौराहों से 150 फीट दूरी तक किसी तरह से वाहनों का स्टैंड नहीं रहेगा ताकि जाम की समस्या नहीं हो। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने कई सड़कों पर पिछले दिनों काम भी शुरू किया, लेकिन शहर में प्रमुख सड़कें पथ निर्माण विभाग की हैं तथा कई नगर निगम के जिम्मे है। इसलिए योजना को स्थगित कर दिया गया, लेकिन अब तीनों विभागों के अधिकारी एक साथ इस दिशा पर काम शुरू कर दिए हैं। माह के अंत तक शहर की प्रमुख सड़कों पर चौक चौराहों के पास नो पार्किंग एरिया चिह्नित करने का काम शुरू होगा। जो इलाके चिह्नित होंगे वहां वाहन खड़ा करने पर जुर्माना देना होगा। इसके लिए चौक चौराहों पर तैनात पुलिसवालों को निर्देश भी दिया गया है।
शहर के जिन इलाकों में सबसे अधिक जाम की समस्या है उसमें अधिकतर फ्लाईओवर के शुरुआत और अंतिम छोर, बोरिंग रोड चौराहा, कारगिल चौक गांधी मैदान, राजापुर पुल, कुर्जी मोड, अनीसाबाद गोलंबर, पाटलिपुत्र गोलंबर, दिनकर गोलंबर, सगुना मोड़, आरपीएस, गोला रोड मोड़ आदि इलाका शामिल है। ट्रैफिक एसपी सागर कुमार ने बताया कि चौक चौराहों से 150 फीट के दयारे में किसी भी प्रकार के वाहन जैसे ऑटो, ई-रिक्शा या प्राइवेट वाहनों को स्टैंड किया जाता है तो कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि शहर में जाम की समस्या में यह एक प्रमुख कारण है इसलिए नई व्यवस्था की जा रही है।







