बिहार और पश्चिम बंगाल की विधायी परंपराओं पर संवाद, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने की रथिन्द्र बोस से मुलाकात
Newshaat Desk: पश्चिम बंगाल दौरे पर पहुंचे बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने सोमवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा अध्यक्ष रथिन्द्र बोस से शिष्टाचार मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच दोनों राज्यों की विधायी परंपराओं, लोकतांत्रिक मूल्यों और विधानसभा की कार्यप्रणाली को लेकर सार्थक चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान पश्चिम बंगाल विधानसभा अध्यक्ष ने डॉ. प्रेम कुमार का आत्मीय स्वागत किया और उन्हें विधानसभा से जुड़ी महत्वपूर्ण पुस्तकें तथा प्रकाशित डायरी भेंट की। इसके जवाब में डॉ. प्रेम कुमार ने भी अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न देकर उनका अभिनंदन किया।
विधानसभा की कार्यप्रणाली का लिया जायजा
रथिन्द्र बोस ने डॉ. प्रेम कुमार को पश्चिम बंगाल विधानसभा की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने सदन के भीतर विधायकों की बैठने की व्यवस्था का भी अवलोकन कराया।
दोनों अध्यक्षों के बीच बिहार और पश्चिम बंगाल की विधानसभाओं की ऐतिहासिक परंपराओं, सदन की कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
अनुभवों के आदान-प्रदान से मजबूत होगा लोकतंत्र
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि बिहार विधानसभा देश की महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक लोकतांत्रिक संस्थाओं में शामिल है। विधानसभा ने जनहित के मुद्दों को सदन में उठाने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि बिहार और पश्चिम बंगाल पड़ोसी राज्य होने के साथ-साथ सांस्कृतिक, सामाजिक और ऐतिहासिक रूप से भी गहरे संबंधों से जुड़े हैं। दोनों राज्यों ने स्वतंत्रता आंदोलन, शिक्षा, साहित्य, कला और लोकतांत्रिक चेतना के विकास में अहम योगदान दिया है।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि अलग-अलग राज्यों के विधानसभा अध्यक्षों के बीच इस तरह की मुलाकातें संसदीय लोकतंत्र को मजबूत करती हैं। विभिन्न विधानसभाओं की कार्यशैली और अनुभवों के आदान-प्रदान से सदन की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने में मदद मिलती है।







