Newshaat_Logo

ईस्टर्न ज़ोनल काउंसिल में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे विजय कुमार चौधरी और संजय सिंह ‘टाइगर’, सरकार ने जारी की अधिसूचना

 
ईस्टर्न ज़ोनल काउंसिल में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे विजय कुमार चौधरी और संजय सिंह ‘टाइगर’, सरकार ने जारी की अधिसूचना

Bihar News: बिहार सरकार ने पूर्वी क्षेत्रीय परिषद (ईस्टर्न ज़ोनल काउंसिल) में राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले सदस्यों के नामों की घोषणा कर दी है। गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और मंत्री संजय सिंह ‘टाइगर’ को बिहार सरकार की ओर से परिषद का सदस्य नामित किया गया है। माना जा रहा है कि इस फैसले से क्षेत्रीय स्तर पर बिहार की भागीदारी और राज्य के हितों को मजबूती मिलेगी।

सरकार ने यह नामांकन राज्य पुनर्गठन अधिनियम, 1956 की धारा 16(1)(बी) के तहत किया है। वहीं, बिहार के मुख्य सचिव और गृह विभाग के सचिव को परिषद का सलाहकार (एडवाइजर) नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति अधिनियम की धारा 16(4)(सी) के तहत की गई है, ताकि परिषद की बैठकों में प्रशासनिक स्तर पर राज्य का पक्ष प्रभावी ढंग से रखा जा सके।

क्या है ईस्टर्न ज़ोनल काउंसिल?

ईस्टर्न ज़ोनल काउंसिल देश की पांच क्षेत्रीय परिषदों में से एक महत्वपूर्ण मंच है, जिसका उद्देश्य राज्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, विकास से जुड़े साझा मुद्दों पर सहमति बनाना और अंतरराज्यीय विवादों का समाधान निकालना है। परिषद की अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री करते हैं, जबकि सदस्य राज्यों के मुख्यमंत्री, मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी इसमें भाग लेते हैं।

इन मुद्दों पर होती है चर्चा

परिषद की बैठकों में बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों से जुड़े कई अहम विषयों पर विचार-विमर्श किया जाता है। इनमें सीमा विवाद, कानून-व्यवस्था, सड़क एवं रेल संपर्क, जल संसाधनों का उपयोग, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, निवेश और क्षेत्रीय विकास जैसे मुद्दे प्रमुख होते हैं।

राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों का मानना है कि विजय कुमार चौधरी और संजय सिंह ‘टाइगर’ की नियुक्ति से परिषद में बिहार की आवाज़ और अधिक प्रभावी होगी। सरकार को उम्मीद है कि इस मंच के माध्यम से राज्य के विकास, आधारभूत ढांचे और अंतरराज्यीय समन्वय से जुड़े कई लंबित मुद्दों के समाधान की दिशा में ठोस प्रगति होगी।