रक्सौल से उड़ेगा विकास का विमान! सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान- एयरपोर्ट निर्माण को मिली रफ्तार
मुख्यमंत्री के अनुसार, इस परियोजना के तहत रनवे, एप्रन, टैक्सीवे और अन्य एयरसाइड इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण के लिए इंजीनियरिंग कंसल्टेंसी सेवाओं का टेंडर निकाला गया है। यह पहल खासकर नेपाल सीमा से सटे रक्सौल क्षेत्र को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी से जोड़ने के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि इस एयरपोर्ट के बन जाने से चंपारण क्षेत्र में हवाई यात्रा आसान होगी, जिससे व्यापार, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। उन्होंने यह भी दोहराया कि “डबल इंजन सरकार” के संकल्प के साथ बिहार तेजी से विकास के नए आयाम छूने की ओर बढ़ रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि रक्सौल जैसे सीमावर्ती इलाके में एयरपोर्ट का निर्माण न सिर्फ रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है, बल्कि इससे अंतरराष्ट्रीय व्यापार, खासकर नेपाल के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।
फिलहाल, इस घोषणा के बाद सीमांचल और चंपारण इलाके में उत्साह का माहौल है। लोगों को उम्मीद है कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास को नई उड़ान देगी और बिहार के नक्शे पर रक्सौल को एक नई पहचान दिलाएगी।







