अरवल में ‘विकसित भारत @2047’ जागरूकता अभियान का समापन, युवाओं को बताया देश की असली ताकत
Patna desk: सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), पटना की ओर से अरवल के पायस मिशन स्कूल परिसर में आयोजित दो दिवसीय ‘विकसित भारत @2047’ चित्र प्रदर्शनी सह जागरूकता अभियान का शुक्रवार को समापन हो गया। समापन समारोह में अरवल की जिलाधिकारी अमृषा बैंस मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
युवाओं से ही बनेगा विकसित भारत : डीएम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अमृषा बैंस ने कहा कि युवा ही विकसित भारत की नींव हैं। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ युवाओं को अपने कौशल का विकास करना चाहिए, ताकि वे देश के विकास में अहम भूमिका निभा सकें। डीएम ने शिक्षा के साथ अनुशासन, नवाचार और सकारात्मक सोच को अपनाने पर जोर दिया।
जागरूकता अभियान का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक जानकारी पहुंचाना
केंद्रीय संचार ब्यूरो, पटना के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी प्रकाश कुमार सिंह ने बताया कि इस अभियान का मकसद केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की सही और सरल जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि युवाओं और छात्रों में राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना पैदा करना इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है।
सभी को मिलकर करना होगा प्रयास
जिला 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र तिवारी ने प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत @2047’ विज़न का उल्लेख करते हुए कहा कि इस लक्ष्य को पाने के लिए समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने लोगों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
स्वास्थ्य और शिक्षा पर भी दिया गया संदेश
जिला सिविल सर्जन डॉ. आर. के. नाथ सहाय ने कहा कि स्वस्थ समाज ही विकसित देश की नींव होता है। उन्होंने छात्रों से स्वच्छता, संतुलित आहार और मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देने की अपील की। वहीं विद्यालय की प्राचार्या सोनम मिश्रा ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उच्च अध्ययन और नवाचार को बिहार के विकास के लिए जरूरी बताया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने गीत, नृत्य, रंगोली और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए ‘विकसित भारत’ की सोच को जीवंत किया। कक्षा 6 की छात्रा अनुपमा रंजन का एकल गीत कार्यक्रम का खास आकर्षण रहा। प्रश्नोत्तरी, चित्रकला, खेलकूद प्रतियोगिताओं में सफल छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
नन्हे बच्चों को भी किया गया सम्मानित
बाल वाटिका के एलकेजी और यूकेजी के बच्चों को ड्राइंग और खेल प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया, जिससे बच्चों में आत्मविश्वास और रचनात्मकता को बढ़ावा मिला।
कार्यक्रम में विभाग के हर्ष सिन्हा, राकेश कुमार, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। मंच संचालन अदिति कुमारी और आदित्य प्रताप सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सहायक क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी अमरेन्द्र मोहन ने किया।







