RJD में शोक की लहर: पूर्व मंत्री बागी कुमार वर्मा को तेजस्वी यादव ने दी अंतिम श्रद्धांजलि, पार्टी कार्यालय पर झुका झंडा
राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने बताया कि तेजस्वी यादव ने बागी कुमार वर्मा के पार्थिव शरीर पर पार्टी का झंडा ओढ़ाकर और माल्यार्पण कर उन्हें अंतिम विदाई दी। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, अब्दुल बारी सिद्दीकी, सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव, अभय कुशवाहा, भोला यादव, शिवचंद्र राम समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस मौके पर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और सांसद मीसा भारती ने भी गहरा शोक व्यक्त किया। नेताओं ने कहा कि बागी कुमार वर्मा का निधन समाजवादी आंदोलन और राजद परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि तीन बार विधायक रहने के बावजूद बागी कुमार वर्मा हमेशा जमीन से जुड़े कार्यकर्ता की तरह सक्रिय रहे और पार्टी संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।
राजद नेताओं ने दिवंगत नेता के परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और भरोसा दिलाया कि पूरी पार्टी इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ी है।
बता दें कि बागी कुमार वर्मा का अंतिम संस्कार मंगलवार को पटना के बांस घाट पर किया गया, जहां राजद के कई वरिष्ठ नेता और समर्थक मौजूद रहे। उनके निधन के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच गहरा शोक देखा गया।







